यूपी में 54 ब्लड सेंटरों पर छापा: 10 पर तत्काल रोक, कई जिलों में गंभीर अनियमितताएं उजागर

0 32

- Advertisement -

यूपी में 54 ब्लड सेंटरों पर छापा: 10 पर तत्काल रोक, कई जिलों में गंभीर अनियमितताएं उजागर

रिपोर्ट/आसिफ अली

- Advertisement -

FSDA की इंटर-डिस्ट्रिक्ट टीम की बड़ी कार्रवाई, मानकों में कमी मिलने पर नोटिस जारी

लखनऊ/आगरा/प्रयागराज। उत्तर प्रदेश में ब्लड सेंटरों की कार्यप्रणाली पर सख्ती दिखाते हुए खाद्य सुरक्षा एवं औषधि प्रशासन (FSDA) ने बड़ा अभियान चलाया है। प्रदेशभर में चैरिटेबल ट्रस्ट और सोसाइटी के तहत संचालित 54 ब्लड सेंटरों की जांच के दौरान गंभीर अनियमितताएं सामने आने पर 10 केंद्रों की गतिविधियों पर तत्काल प्रभाव से रोक लगा दी गई है।
FSDA मुख्यालय से गठित औषधि निरीक्षकों की अंतर-जनपदीय टीम ने एक साथ कई जिलों में छापेमारी की। जांच अभियान के तहत आगरा में 21, प्रयागराज में 11 और गोरखपुर में 8 ब्लड सेंटरों का निरीक्षण किया गया। इसके अलावा अमरोहा, बाराबंकी, बरेली, बस्ती, बदायूं, गोंडा, हाथरस, जालौन, महाराजगंज, संत कबीरनगर, शामली, सीतापुर, उन्नाव और शाहजहांपुर के एक-एक ब्लड सेंटर की भी जांच की गई।
इन बिंदुओं पर हुई गहन जांच
जांच के दौरान टीम ने ब्लड सेंटरों में कई अहम मानकों का सत्यापन किया। इनमें रक्त और ब्लड कंपोनेंट्स का निर्धारित तापमान पर भंडारण, टेस्टिंग प्रक्रिया की गुणवत्ता, तकनीकी स्टाफ की उपलब्धता, उपकरणों के सही संचालन और अभिलेखों के रख-रखाव जैसे पहलू शामिल रहे।
इन 10 ब्लड सेंटरों पर लगी तत्काल रोक
गंभीर खामियां मिलने पर जिन ब्लड सेंटरों की सेवाएं तत्काल बंद की गईं, उनमें शामिल हैं—
आगरा चेरिटेबल ब्लड सेंटर (आगरा)
जय हिन्द चेरिटेबल ब्लड सेंटर (आगरा)
लाइफ लाइन चेरिटेबल ब्लड सेंटर (आगरा)
बालाजी चेरिटेबल ब्लड सेंटर (आगरा)
जगदंबा चेरिटेबल ब्लड सेंटर (आगरा)
मानया चेरिटेबल ब्लड सेंटर (गोरखपुर)
हरदेव तिवारी चेरिटेबल ब्लड सेंटर (प्रयागराज)
एसजीएस चेरिटेबल ब्लड सेंटर (प्रयागराज)
जय मां कैला देवी चेरिटेबल ब्लड सेंटर (हाथरस)
दारशी चेरिटेबल ब्लड सेंटर (जालौन)
अन्य केंद्रों को नोटिस, आगे भी होगी सख्त कार्रवाई
जिन ब्लड सेंटरों में कमियां पाई गईं, उन्हें कारण बताओ नोटिस जारी करने की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है। विभागीय अधिकारियों ने स्पष्ट किया है कि मानकों से किसी भी प्रकार का समझौता बर्दाश्त नहीं किया जाएगा और भविष्य में भी ऐसे संस्थानों के खिलाफ सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।