DIG अजय कुमार साहनी ने समीक्षा बैठक में दिए कड़े निर्देश बरेली रेंज में अपराध पर होंगी सख्ती

0 24

- Advertisement -

DIG अजय कुमार साहनी ने समीक्षा बैठक में दिए कड़े निर्देश बरेली रेंज में अपराध पर होंगी सख्ती

रिपोर्ट/आसिफ अली

- Advertisement -

हत्या, लूट, दहेज हत्या, पॉक्सो और साइबर क्राइम पर फोकस; ऑपरेशन कन्विक्शन व मिशन शक्ति की प्रगति पर लिया गया फीडबैक

बरेली: पुलिस उपमहानिरीक्षक बरेली परिक्षेत्र अजय कुमार साहनी ने बरेली स्थित परिक्षेत्रीय कार्यालय में मासिक समीक्षा बैठक कर कानून-व्यवस्था और अपराध नियंत्रण की स्थिति का जायजा लिया।

बैठक में बरेली, बदायूं, पीलीभीत और शाहजहांपुर के जनपद प्रभारियों वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक और पुलिस अधीक्षकों के साथ विस्तृत समीक्षा की गई।

DIG अजय कुमार साहनी ने मुख्यमंत्री स्तर से निर्धारित अपराधों की समीक्षा करते हुए स्पष्ट निर्देश दिए कि हत्या, लूट, डकैती, बलात्कार, दहेज हत्या, पॉक्सो एक्ट, अपहरण, गोकशी, धर्मांतरण और साम्प्रदायिक मामलों में त्वरित व प्रभावी कार्रवाई सुनिश्चित की जाए। उन्होंने लंबित विवेचनाओं के शीघ्र निस्तारण और माफियाओं के खिलाफ सख्त कार्रवाई पर विशेष जोर दिया।

बैठक में ऑपरेशन कन्विक्शन, ऑपरेशन क्लीन और ऑपरेशन त्रिनेत्र के तहत चल रही कार्रवाई की प्रगति की भी समीक्षा की गई। DIG अजय कुमार साहनी ने निर्देश दिए कि इन अभियानों को और तेज करते हुए अपराधियों के खिलाफ ठोस साक्ष्य के आधार पर सजा दिलाने की प्रक्रिया को मजबूत किया जाए।

महिला सुरक्षा को लेकर भी बैठक में गंभीरता दिखाई गई। DIG अजय कुमार साहनी ने मिशन शक्ति फेज-5.0 (द्वितीय चरण) के तहत चल रहे अभियानों, महिला बीट प्रणाली और मिशन शक्ति केंद्रों के प्रभावी संचालन की समीक्षा करते हुए इसे और मजबूत बनाने के निर्देश दिए।

साइबर अपराधों पर नियंत्रण के लिए साइबर हेल्प डेस्क की कार्यप्रणाली को बेहतर बनाने और डिजिटल अपराधों की रोकथाम के लिए तकनीकी संसाधनों के अधिक उपयोग पर जोर दिया गया। साथ ही लंबित विभागीय जांचों और प्रारंभिक जांचों को समयबद्ध तरीके से पूरा करने के निर्देश भी दिए गए।

जनसुनवाई से जुड़े मामलों में DIG अजय कुमार साहनी ने आईजीआरएस, मुख्यमंत्री हेल्पलाइन और अन्य शिकायतों के गुणवत्तापूर्ण एवं समयबद्ध निस्तारण पर विशेष ध्यान देने को कहा। उन्होंने ‘यक्ष एप’ के प्रभावी संचालन के जरिए अपराध नियंत्रण में तकनीकी मदद को और बढ़ाने की बात कही।

बैठक के अंत में DIG अजय कुमार साहनी ने सभी जनपद प्रभारियों को निर्देशित किया कि अपने-अपने क्षेत्रों में कानून-व्यवस्था और यातायात व्यवस्था को सुदृढ़ बनाए रखें तथा आमजन में सुरक्षा का भरोसा कायम रखें।