बरेली में एंटी करप्शन का तगड़ा एक्शन: चकबंदी कानूनगो 10 हजार रिश्वत लेते रंगे हाथ दबोचा गया
- Advertisement -
बरेली में एंटी करप्शन का तगड़ा एक्शन: चकबंदी कानूनगो 10 हजार रिश्वत लेते रंगे हाथ दबोचा गया
रिपोर्ट /आसिफ अली
- Advertisement -
*जमीन नापने के बदले मांग रहा था पैसा, फतेहगंज रेलवे क्रॉसिंग पर बिछाया ट्रैप; शाहजहांपुर का रहने वाला है आरोपी*
*बरेली, भ्रष्टाचार पर जीरो टॉलरेंस का बड़ा नमूना बरेली में देखने को मिला। एंटी करप्शन टीम ने फरीदपुर तहसील में तैनात चकबंदी कानूनगो कमल सुधीर शुक्ला को 10 हजार की रिश्वत लेते रंगे हाथ गिरफ्तार कर लिया। मंगलवार शाम 5:22 बजे फतेहगंज पूर्वी रेलवे क्रॉसिंग के पास टीम ने जाल बिछाकर आरोपी को दबोचा। गिरफ्तारी के बाद राजस्व और चकबंदी विभाग में हड़कंप मच गया है।
*जमीन की पैमाइश के लिए मांग रहा था 10 हजार*
शिकायतकर्ता राजीव, निवासी ग्राम खजुरिया, थाना फतेहगंज पूर्वी, ने एंटी करप्शन टीम को बताया था कि उसकी जमीन की नाप-तौल के लिए कानूनगो कमल सुधीर शुक्ला 10 हजार रुपये मांग रहा है। बिना रिश्वत काम करने से साफ इनकार कर दिया था।
शिकायत मिलते ही ट्रैप टीम ने प्लान बनाया। तय रणनीति के तहत राजीव को पैसे लेकर भेजा गया। जैसे ही फतेहगंज पूर्वी रेलवे क्रॉसिंग के पास आरोपी ने रकम हाथ में ली, टीम ने घेरकर उसे मौके पर पकड़ लिया। पूरी कार्रवाई इतनी गोपनीय थी कि कानूनगो को भनक तक नहीं लगी।
*शाहजहांपुर का है आरोपी, कोतवाली में केस दर्ज*
गिरफ्तार कानूनगो कमल सुधीर शुक्ला, पुत्र स्वर्गीय विष्णुनारायण शुक्ला, शाहजहांपुर के सदर बाजार का रहने वाला है। फिलहाल फरीदपुर तहसील बरेली में तैनात था।
ट्रैप टीम प्रभारी निरीक्षक जितेंद्र सिंह के नेतृत्व में हुई कार्रवाई के बाद आरोपी के खिलाफ कोतवाली बरेली में भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम के तहत मुकदमा दर्ज किया जा रहा है। उसे जल्द कोर्ट में पेश कर जेल भेजा जाएगा।
*’रिश्वत मांगे तो तुरंत बताएं’: एंटी करप्शन टीम*
भ्रष्टाचार निवारण संगठन ने जनता से अपील की है कि कोई भी अधिकारी-कर्मचारी रिश्वत मांगे तो चुप न रहें। तुरंत शिकायत करें। डीएसपी एंटी करप्शन के नंबर 9454405475 और प्रभारी निरीक्षक के नंबर 9454401653 पर कॉल या व्हाट्सएप कर सकते हैं। पहचान गोपनीय रखी जाएगी।
इस कार्रवाई से साफ संदेश गया है कि योगी सरकार में रिश्वतखोरों की अब खैर नहीं। एंटी करप्शन टीम सरकारी दफ्तरों में फैले भ्रष्टाचार पर लगातार शिकंजा कस रही है।