पुलिस मुठभेड़ में गैंगस्टर एक्ट का वांछित आरोपी घायल, साथी गिरफ्तार
- Advertisement -
पुलिस मुठभेड़ में गैंगस्टर एक्ट का वांछित आरोपी घायल, साथी गिरफ्तार
बरेली थाना फरीदपुर पुलिस ने बीसलपुर रोड स्थित साठा पुलिया के पास पुलिस और संदिग्ध मोटरसाइकिल सवारों के बीच मुठभेड़ हो गई। पुलिस की जवाबी कार्रवाई में गैंगस्टर एक्ट में वांछित आरोपी कासिम खां पैर में गोली लगने से घायल हो गया, जबकि उसके साथी जाहिद अली खां को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया।
- Advertisement -
दोनों के कब्जे से तमंचे, कारतूस और मोटरसाइकिल बरामद की गई है।
पुलिस के मुताबिक, थाना फरीदपुर में 22 अगस्त 2026 को मुकदमा संख्या 629/26 के तहत धारा 2/3(1) गैंगस्टर एक्ट में पांच नामजद आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया था। इसमें मेवा शर्फापुर निवासी कासिम खां पुत्र गुल खां वांछित चल रहा था।
गुरुवार को करीब 12 बजे मुखबिर की सूचना पर फरीदपुर पुलिस ने बीसलपुर रोड स्थित साठा पुलिया के पास संदिग्ध मोटरसाइकिल सवारों की घेराबंदी की। पुलिस के अनुसार, रोकने का प्रयास करने पर मोटरसाइकिल सवारों ने पुलिस टीम पर फायरिंग कर दी। जवाबी कार्रवाई में कासिम खां के पैर में गोली लग गई और वह घायल होकर गिर पड़ा। पुलिस ने उसे उपचार के लिए सीएचसी पहुंचाया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद चिकित्सकों ने उसे जिला अस्पताल, बरेली रेफर कर दिया। उसकी निगरानी के लिए दो पुलिसकर्मियों की तैनाती की गई है।
पुलिस ने कासिम के कब्जे से 315 बोर का एक तमंचा, एक जिंदा कारतूस और एक खोखा कारतूस बरामद करने का दावा किया है। वहीं, दूसरे आरोपी जाहिद अली खां पुत्र जान मोहम्मद निवासी मेवा शर्फापुर को गिरफ्तार किया गया। उसके कब्जे से 315 बोर का एक तमंचा, जिसकी नाल में कारतूस फंसा हुआ था, एक जिंदा कारतूस और मोटरसाइकिल बरामद की गई।
पुलिस के मुताबिक बरामदगी के आधार पर संबंधित धाराओं में अभियोग पंजीकृत कर आगे की विधिक कार्रवाई की जा रही है।