ज्वैलर्स की दुकान पर अंगूठी देखने पहुंचा युवक, पहनकर हुआ फरार; CCTV से खुला राज, पुलिस ने दबोचा

0 21

- Advertisement -

ज्वैलर्स की दुकान पर अंगूठी देखने पहुंचा युवक, पहनकर हुआ फरार; CCTV से खुला राज, पुलिस ने दबोचा

बरेली। फतेहगंज पश्चिमी थाना पुलिस ने ज्वैलर्स की दुकान से अंगूठी चोरी करने के मामले का खुलासा करते हुए एक युवक को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से चोरी की गई पीली धातु की अंगूठी भी बरामद कर ली है। सीसीटीवी फुटेज और पुलिस की जांच के आधार पर आरोपी की पहचान हुई, जिसके बाद उसे यात्री शेड से गिरफ्तार किया गया।

- Advertisement -

पुलिस के मुताबिक, 5 अक्टूबर 2026 को फतेहगंज पश्चिमी निवासी अंकित अग्रवाल की मोनिका ज्वैलर्स दुकान पर एक युवक अंगूठी देखने के लिए पहुंचा था। आरोप है कि दुकानदार के घर जाने के दौरान युवक ने मौका पाकर एक अंगूठी चोरी कर ली और उसे हाथ में पहनकर दुकान से निकल गया।
मामले की जानकारी होने पर दुकान में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली गई। जांच और फुटेज के आधार पर आरोपी की पहचान राजेन्द्र पुत्र मदनलाल, निवासी ग्राम फरीदापुर रामचरन, थाना फतेहगंज पश्चिमी, बरेली, उम्र करीब 23 वर्ष के रूप में हुई। घटना के संबंध में थाना फतेहगंज पश्चिमी में मुकदमा संख्या 0333/2026 दर्ज किया गया था।
यात्री शेड में दबोचा गया आरोपी
पुलिस ने आरोपी की तलाश शुरू कर दी। बुधवार 7 अक्टूबर को मुखबिर से मिली सूचना के आधार पर पुलिस टीम ने श्री राधा कृष्ण मंदिर कट के पास बने यात्री शेड से राजेन्द्र को गिरफ्तार कर लिया। तलाशी के दौरान उसके कब्जे से चोरी की गई पीली धातु की अंगूठी बरामद हुई।
पत्नी ने मांगी अंगूठी, लालच में कर दी चोरी
पूछताछ में आरोपी ने पुलिस को बताया कि वह 5 अक्टूबर को अंगूठी देखने के बहाने ज्वैलर्स की दुकान पर गया था। इसी दौरान दुकानदार के घर जाने का फायदा उठाकर उसने अंगूठी चोरी कर ली थी। आरोपी के अनुसार उसकी पत्नी ने उससे अंगूठी मांगी थी और इसी लालच में उसने चोरी की वारदात को अंजाम दिया।
आरोपी ने पुलिस को यह भी बताया कि बुधवार को वह चोरी की अंगूठी वापस करने के लिए आया था, लेकिन पुलिस ने उसे पकड़ लिया।
मुकदमे में बढ़ाई गई धारा
पुलिस ने आरोपी की गिरफ्तारी और बरामदगी के बाद दर्ज मुकदमे में धारा 317(2) बीएनएस की बढ़ोतरी की है। आरोपी के खिलाफ वैधानिक कार्रवाई करते हुए उसे न्यायालय के समक्ष पेश किया गया।
पुलिस के अनुसार आरोपी राजेन्द्र का फिलहाल थाना फतेहगंज पश्चिमी में दर्ज मुकदमा संख्या 0333/2026, धारा 303(2) और 317(2) बीएनएस के तहत आपराधिक इतिहास सामने आया है।
पुलिस टीम में ये रहे शामिल
चोरी की घटना का खुलासा करने वाली टीम में प्रभारी निरीक्षक प्रवीण कुमार, उपनिरीक्षक आदेश कुमार, हेड कांस्टेबल विक्की सिंह, कांस्टेबल अक्षय कुमार और रिजर्व कांस्टेबल हर्ष पंवार शामिल रहे।