RTO कार्यालय के बाहर चला अतिक्रमण हटाओ अभियान, 10 अस्थायी दुकानें हटाईं; दलालों पर कसेगा शिकंजा

0 6

- Advertisement -

RTO कार्यालय के बाहर चला अतिक्रमण हटाओ अभियान, 10 अस्थायी दुकानें हटाईं; दलालों पर कसेगा शिकंजा

कार्यालय को दलाल-मुक्त बनाने की कवायद तेज, CCTV से होगी 24 घंटे निगरानी

- Advertisement -

बरेली। संभागीय परिवहन कार्यालय (RTO) को अतिक्रमण और बिचौलियों की गतिविधियों से मुक्त कराने के लिए सोमवार को परिवहन विभाग ने व्यापक अभियान चलाया। RTO परिसर के साथ-साथ मुख्य द्वार और आसपास के क्षेत्र में औचक जांच करते हुए अनधिकृत रूप से संचालित गतिविधियों और अस्थायी अतिक्रमण को हटाया गया।

अभियान के दौरान अधिकारियों ने करीब 10 अस्थायी दुकानों और अतिक्रमणों को हटवाया। इसके अलावा कार्यालय के आसपास लगे खोखे, अस्थायी दुकानें, बिना अनुमति संचालित गतिविधियां और संदिग्ध परिस्थितियों में खड़े वाहनों को भी हटाया गया। जहां आवश्यक हुआ, वहां अतिक्रमण हटाने के लिए ध्वस्तीकरण की कार्रवाई भी की गई।

बिचौलियों की गतिविधियों पर अधिकारियों की नजर

परिवहन विभाग को RTO कार्यालय के आसपास कुछ बिचौलियों के सक्रिय होने की शिकायतें और सूचनाएं मिल रही थीं। इसे गंभीरता से लेते हुए अधिकारियों ने अभियान के दौरान संदिग्ध व्यक्तियों और अनधिकृत गतिविधियों की जांच की।

अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि RTO परिसर अथवा मुख्य प्रवेश द्वार के आसपास किसी भी तरह की संदिग्ध गतिविधि को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। लोगों को भी निर्देशित किया गया कि वे परिवहन विभाग से संबंधित काम के लिए अधिकृत माध्यमों का ही इस्तेमाल करें।

दलाली करते मिले तो होगी कड़ी कार्रवाई

परिवहन विभाग ने साफ किया है कि कार्यालय के आसपास दलाली, अवैध वसूली या किसी अन्य अनुचित गतिविधि में संलिप्त पाए जाने वाले लोगों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी। विभाग की ओर से ऐसे लोगों की गतिविधियों पर नजर रखने के साथ जरूरत पड़ने पर कानूनी कार्रवाई करने के निर्देश दिए गए हैं।

24 घंटे चालू रहेंगे CCTV कैमरे

RTO कार्यालय में पारदर्शिता और निगरानी व्यवस्था मजबूत करने के लिए CCTV कैमरों को लगातार 24 घंटे चालू रखने के निर्देश दिए गए हैं। अधिकारियों को प्रतिदिन CCTV रिकॉर्डिंग की निगरानी करने को भी कहा गया है, ताकि कार्यालय परिसर और मुख्य द्वार के आसपास होने वाली गतिविधियों पर नजर रखी जा सके।

ऑनलाइन सेवाओं का लाभ लेने की अपील

परिवहन विभाग ने वाहन स्वामियों और आम नागरिकों से अपील की है कि ड्राइविंग लाइसेंस, वाहन पंजीकरण, परमिट सहित अन्य परिवहन सेवाओं के लिए किसी अनधिकृत बिचौलिए के संपर्क में न आएं। विभाग के अनुसार कई सेवाएं ऑनलाइन उपलब्ध हैं और नागरिक निर्धारित ऑनलाइन माध्यम, जनसेवा केंद्र अथवा विभागीय काउंटर के जरिए सीधे आवेदन कर सकते हैं।

नियमित रूप से जारी रहेगा अभियान

अभियान का नेतृत्व RTO प्रशासन पंकज सिंह और RTO प्रवर्तन प्रणव झा ने संयुक्त रूप से किया। कार्रवाई के दौरान ARTO प्रशासन डॉ. प्रवेश कुमार सरोज, ARTO प्रवर्तन वैभव सोती, यात्री/मालकर अधिकारी रमेश चंद्र प्रजापति, अजीत प्रताप सिंह सहित परिवहन विभाग का प्रवर्तन दल और कर्मचारी मौजूद रहे।

परिवहन विभाग ने कहा कि RTO कार्यालय को व्यवस्थित, पारदर्शी और बिचौलियों से मुक्त रखने के लिए अतिक्रमण विरोधी कार्रवाई और औचक जांच आगे भी जारी रहेगी। अधिकारियों का कहना है कि कार्यालय आने वाले लोगों को किसी तरह की परेशानी न हो और परिवहन सेवाएं उन्हें सीधे तथा पारदर्शी तरीके से मिलें, इसके लिए निगरानी व्यवस्था को लगातार मजबूत किया जाएगा।