डेलापीर रोड पर सिटी बस के आगे बुलेट लगाकर हंगामा, ड्राइवर-कंडक्टर से मारपीट का आरोप
- Advertisement -
डेलापीर रोड पर सिटी बस के आगे बुलेट लगाकर हंगामा, ड्राइवर-कंडक्टर से मारपीट का आरोप
रिपोर्ट/आसिफ अली
- Advertisement -
बस रोककर गाली-गलौज और हाथापाई का आरोप, पीछा करते हुए थाने पहुंचे तीन युवक; पुलिस ने हिरासत में लेकर धारा 151 में की कार्रवाई
बरेली। डेलापीर रोड पर रविवार को उस समय हंगामा खड़ा हो गया, जब तीन युवकों ने कथित तौर पर बुलेट मोटरसाइकिल सिटी बस के आगे खड़ी कर रास्ता रोक दिया। बस रुकते ही ड्राइवर और कंडक्टर के साथ गाली-गलौज और अभद्रता किए जाने का आरोप है। विरोध करने पर मामला हाथापाई तक पहुंच गया। सड़क के बीचोंबीच हुए इस विवाद से कुछ देर के लिए यातायात प्रभावित हुआ और मौके पर अफरा-तफरी का माहौल बन गया।
घटना के बाद बस चालक किसी तरह वहां से बस निकालकर सीधे इज्जतनगर थाने पहुंचा। बताया जा रहा है कि जिन युवकों पर हंगामा और मारपीट का आरोप है, वे भी बुलेट से बस का पीछा करते हुए थाने पहुंच गए। पुलिस ने तीनों युवकों को हिरासत में लेकर मामले में धारा 151 के तहत कार्रवाई की है।
जंक्शन से मिनी बाईपास जा रही थी सिटी बस
जानकारी के मुताबिक भोजीपुरा क्षेत्र के पीपलसाना निवासी रंजीत सिंह सिटी बस चलाते हैं। रविवार को वह कंडक्टर आशीष के साथ जंक्शन से बस लेकर मिनी बाईपास की ओर जा रहे थे। बस डेलापीर चौराहे के पास पहुंची थी। इसी दौरान बुलेट सवार तीन युवकों ने कथित तौर पर बस के आगे बाइक लगाकर रास्ता रोक दिया।
बस के अचानक रुकने के बाद ड्राइवर और कंडक्टर ने रास्ता रोकने का कारण पूछा। आरोप है कि इसी बात को लेकर युवकों ने दोनों के साथ गाली-गलौज और अभद्रता शुरू कर दी। देखते ही देखते विवाद बढ़ गया और दोनों पक्षों के बीच हाथापाई की नौबत आ गई।
बीच सड़क हंगामे से मची अफरा-तफरी
बस के आगे बाइक खड़ी होने और चालक-कंडक्टर से विवाद के कारण सड़क पर कुछ देर के लिए हंगामे की स्थिति बन गई। आसपास मौजूद लोगों की भीड़ भी मौके पर जुटने लगी। यातायात के बीच विवाद होने से राहगीरों और वाहन चालकों को भी परेशानी का सामना करना पड़ा।
ड्राइवर रंजीत के मुताबिक, स्थिति बिगड़ती देख उन्होंने किसी तरह युवकों से खुद को अलग किया और बस लेकर वहां से निकल गए। आरोप है कि विवाद यहीं खत्म नहीं हुआ।
बस का पीछा करते हुए थाने पहुंच गए युवक
ड्राइवर का आरोप है कि बस वहां से निकलने के बाद भी तीनों युवक बुलेट से उसका पीछा करने लगे। लगातार पीछा किए जाने से चालक घबरा गया और उसने बस को सीधे इज्जतनगर थाने की ओर मोड़ दिया। कुछ ही देर बाद तीनों युवक भी बस का पीछा करते हुए थाने पहुंच गए।
थाने पहुंचकर ड्राइवर ने पुलिस को पूरे घटनाक्रम की जानकारी दी और युवकों के खिलाफ तहरीर दी। पुलिस ने मामले को गंभीरता से लेते हुए तीनों युवकों को हिरासत में ले लिया।
पुलिस ने धारा 151 के तहत की कार्रवाई
मामले में सीबीगंज क्षेत्र के निवासी बताए जा रहे शिवम, अन्नू और उनके एक साथी को पुलिस ने हिरासत में लिया है। इज्जतनगर थाना प्रभारी सुरेश चंद गौतम के मुताबिक, मामले में धारा 151 के तहत कार्रवाई की जा रही है।
पुलिस पूरे घटनाक्रम की जानकारी जुटा रही है। सड़क पर बस रोककर हुए विवाद और चालक-कंडक्टर के साथ कथित मारपीट के आरोपों को लेकर पुलिस द्वारा आवश्यक कार्रवाई की जा रही है।
बस के आगे बाइक लगाकर रास्ता रोकने से शुरू हुआ विवाद
फिलहाल इस पूरे मामले में पुलिस की कार्रवाई के बाद स्थिति शांत है। घटना में लगाए गए आरोपों की वास्तविकता पुलिस जांच के बाद ही पूरी तरह स्पष्ट हो सकेगी।