बेकाबू कार ने स्कूटी को मारी जोरदार टक्कर, युवक उछलकर दूर गिरा; 2 KM तक घिसटती रही स्कूटी

0 2

- Advertisement -

बेकाबू कार ने स्कूटी को मारी जोरदार टक्कर, युवक उछलकर दूर गिरा; 2 KM तक घिसटती रही स्कूटी

पीलीभीत बाइपास पर हादसे का वीडियो वायरल, कार में फंसी स्कूटी को चालक लगातार घसीटता रहा; बाद में थाने में दोनों पक्षों में हुआ समझौता

- Advertisement -

बरेली। इज्जतनगर थाना क्षेत्र में पीलीभीत बाइपास पर शुक्रवार रात तेज रफ्तार कार और स्कूटी की भिड़ंत का हैरान करने वाला मामला सामने आया है। टक्कर इतनी जोरदार थी कि स्कूटी सवार युवक उछलकर सड़क पर दूर जा गिरा, जबकि उसकी स्कूटी कार के अगले हिस्से में फंस गई। इसके बावजूद कार चालक ने वाहन नहीं रोका और स्कूटी करीब दो किलोमीटर तक सड़क पर घिसटती चली गई। इस दौरान राहगीरों ने पूरी घटना का वीडियो बना लिया, जो अब सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है।

अचानक सामने आई गाय, बिगड़ा कार का संतुलन

नार्थ सिटी निवासी अथर्व गंगवार के मुताबिक वह शुक्रवार रात स्कूटी से पीलीभीत बाइपास की ओर से गुजर रहे थे। इसी दौरान तेज रफ्तार कार के सामने अचानक एक गाय आ गई। गाय को बचाने के प्रयास में कार चालक का वाहन पर नियंत्रण बिगड़ गया और कार ने अथर्व की स्कूटी को जोरदार टक्कर मार दी।

टक्कर लगते ही सड़क पर दूर जा गिरा स्कूटी सवार

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार कार की टक्कर इतनी तेज थी कि स्कूटी सवार अथर्व उछलकर सड़क पर दूर जा गिरे। गनीमत रही कि वह कार के पहियों की चपेट में नहीं आए, वरना हादसा बेहद गंभीर हो सकता था।

वहीं, टक्कर के बाद स्कूटी कार के अगले हिस्से में फंस गई। आरोप है कि स्कूटी फंसने के बावजूद कार आगे बढ़ती रही और स्कूटी सड़क पर रगड़ खाते हुए काफी दूर तक घिसटती चली गई।

करीब दो किलोमीटर तक घिसटी स्कूटी

बताया जा रहा है कि कार के अगले हिस्से में फंसी स्कूटी करीब दो किलोमीटर तक सड़क पर घिसटती रही। सड़क से गुजर रहे लोगों ने जब यह दृश्य देखा तो वे भी हैरान रह गए। इसी दौरान एक राहगीर ने मोबाइल फोन से पूरी घटना का वीडियो रिकॉर्ड कर लिया।

वीडियो में कार के अगले हिस्से में स्कूटी फंसी दिखाई दे रही है और वह सड़क पर घिसटती नजर आ रही है। वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद मामला चर्चा में आ गया।

इज्जतनगर थाने पहुंचा मामला

हादसे के बाद दोनों पक्ष इज्जतनगर थाने पहुंचे। पुलिस के मुताबिक दोनों पक्षों के बीच बातचीत के बाद मामले को आपसी सहमति से निपटा लिया गया।

थाना प्रभारी के अनुसार स्कूटी की मरम्मत कराने और घायल युवक के इलाज का खर्च उठाने की बात पर दोनों पक्षों में समझौता हुआ। दोनों पक्षों ने पुलिस को लिखित रूप से दिया कि वे मामले में किसी तरह की कानूनी कार्रवाई नहीं चाहते हैं।

फिलहाल, पीलीभीत बाइपास पर हुई इस घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर लोगों का ध्यान खींच रहा है। हादसे में युवक के बाल-बाल बचने को लोग गनीमत मान रहे हैं।