उर्स से लौट रहे मौलाना की मौत पर उठे सवाल मुस्लिम जमात ने सीएम योगी और रेल मंत्री को लिखा पत्र, CBI जांच और 5 लाख मुआवजे की मांग*

0 32

- Advertisement -

उर्स से लौट रहे मौलाना की मौत पर उठे सवाल मुस्लिम जमात ने सीएम योगी और रेल मंत्री को लिखा पत्र, CBI जांच और 5 लाख मुआवजे की मांग*

रिपोर्ट/आसिफ अली

- Advertisement -

*मौलाना शहाबुद्दीन रजवी बोले- दाढ़ी-टोपी देखकर हो रही मॉब लिंचिंग, ट्रेन को माना जाता है महफूज, अब सवालों में सुरक्षा*

*बरेली,उर्से ताजुश्शरिया में शिरकत कर बिहार लौट रहे मौलाना तौसीफ रजा मजहरी की संदिग्ध मौत का मामला अब बड़ा रूप लेता जा रहा है। 27 अप्रैल को कैंट रेलवे स्टेशन के पास ट्रैक किनारे उनका शव मिला था। अब ऑल इंडिया मुस्लिम जमात ने इस मामले में सरकार के खिलाफ मोर्चा खोल दिया है।

*CM योगी और रेल मंत्री को पत्र, CBI जांच की मांग*
ऑल इंडिया मुस्लिम जमात के राष्ट्रीय अध्यक्ष मौलाना शहाबुद्दीन रजवी बरेलवी ने मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ और केंद्रीय रेल मंत्री को पत्र भेजा है। पत्र में पूरे मामले की CBI से निष्पक्ष जांच कराने और परिजनों को 5 लाख रुपये मुआवजा देने की मांग की गई है। मौलाना रजवी ने कहा कि हिंदुस्तान में कई जगह दाढ़ी-टोपी देखकर मुसलमानों को निशाना बनाने की घटनाएं सामने आ रही हैं। बरेली में मौलाना तौसीफ रजा के साथ भी वैसी ही घटना हुई है।

*पत्नी को किया था फोन- मारपीट हो रही है, पुलिस को बताओ*
मौलाना शहाबुद्दीन रजवी ने बताया कि 24-25 अप्रैल को बरेली में उर्से ताजुश्शरिया था। किशनगंज बिहार निवासी मौलाना तौसीफ रजा मजहरी इसमें शामिल होने आए थे। वह ताजुशरिया मुफ्ती अख्तर रजा खां अजहरी के मुरीद थे और बरेली के मदरसा मजहर-ए-इस्लाम से तालीम हासिल की थी। गोरखपुर में मदरसे में पढ़ाते थे।

रजवी के मुताबिक, वापसी में मौलाना तौसीफ जनरल डिब्बे में सवार थे। कैंट स्टेशन के पास उनके साथ मारपीट हुई। उन्होंने पत्नी को फोन कर बताया कि “मेरे साथ मारपीट हो रही है, तुम पुलिस को बोलो।” इसी दौरान फोन कट गया और उन्हें धक्का देकर ट्रेन से बाहर फेंक दिया गया। मौके पर ही उनकी मौत हो गई। इस घटना से सुन्नी सूफी बरेलवी समाज में भारी नाराजगी है।

*रेल यात्रा की सुरक्षा पर उठाए सवाल*
मौलाना रजवी ने कहा कि रेल का सफर सबसे सुरक्षित माना जाता है। अगर ट्रेन में भी ऐसी घटनाएं होंगी तो लोकतांत्रिक ढांचे पर सवाल खड़े होंगे। उन्होंने कहा कि असामाजिक तत्वों को जेल भेजकर कड़ी सजा दी जाए। किशनगंज इलाके से उनका पुराना जुड़ाव है। कई लोगों के फोन आ रहे हैं। परिजनों से भी सीधा संपर्क है।

रजवी ने कहा कि बिहार, झारखंड, ओडिशा, अजमेर, मेरठ और मुरादाबाद में भी ऐसी घटनाएं सामने आई हैं। इससे समाज में नफरत फैल रही है। समाज का नुकसान देश का नुकसान है। छोटी घटनाएं सांप्रदायिक रूप ले लेती हैं। इसलिए मामले की तह तक जाकर जांच जरूरी है।