- Advertisement -
बरेली में बार के बाहर दो गुटों में मारपीट, युवतियां भी भिड़ीं; वीडियो वायरल
फॉरच्यूनर और स्कॉर्पियो से पहुंचे युवकों के बीच हुआ विवाद, सड़क पर युवक को गिराकर पीटने का वीडियो वायरल; बारादरी पुलिस पहचान और विवाद की वजह तलाश रही
- Advertisement -
बरेली। पीलीभीत बाईपास रोड स्थित माय बार हेडक्वार्टर के सामने शनिवार रात दो गुटों के बीच जमकर मारपीट हो गई। बताया जा रहा है कि दोनों गुट अलग-अलग वाहनों से मौके पर पहुंचे थे। इसी दौरान किसी बात को लेकर विवाद शुरू हुआ और देखते ही देखते मामला हाथापाई तक पहुंच गया।
घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। वायरल वीडियो में दो युवतियां आपस में भिड़ती नजर आ रही हैं। दोनों एक-दूसरे के बाल पकड़कर खींचती और मारपीट करती दिखाई दे रही हैं। वहीं, कुछ दूरी पर कई युवक एक युवक को घेरकर पीटते नजर आ रहे हैं। युवक के सड़क पर गिरने के बाद भी उसके साथ मारपीट किए जाने का दृश्य वीडियो में दिखाई देता है।
बताया जा रहा है कि दोनों पक्ष फॉरच्यूनर और स्कॉर्पियो से पहुंचे थे। हालांकि, विवाद की शुरुआत किस बात को लेकर हुई और मारपीट में शामिल लोगों के बीच पहले से कोई विवाद था या नहीं, इसकी अभी आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है।
वायरल वीडियो के आधार पर जांच में जुटी पुलिस
मारपीट का वीडियो सामने आने के बाद बारादरी पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है। पुलिस वायरल वीडियो में दिखाई दे रहे युवक-युवतियों की पहचान करने का प्रयास कर रही है। इसके साथ ही घटनास्थल और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज भी खंगाली जा रही है।
पुलिस यह भी पता लगाने में जुटी है कि दोनों गुट वहां किस वजह से पहुंचे थे और विवाद के पीछे वास्तविक कारण क्या था। फिलहाल मामले में किसी पक्ष की ओर से शिकायत किए जाने की जानकारी सामने नहीं आई है।
क्रिसमस नाइट पर भी हुआ था विवाद
माय बार हेडक्वार्टर पहले भी विवादों को लेकर चर्चा में रहा है। दिसंबर 2025 की क्रिसमस नाइट के दौरान टेबल बुकिंग को लेकर विवाद हुआ था। आरोप था कि कुछ युवकों ने एक युवती के साथ अभद्रता की थी। विरोध करने पर उसके भाई से भी विवाद हो गया था और इसी दौरान युवती के सिर पर कांच की बोतल लगने से वह घायल हो गई थी।
उस मामले में पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई की थी। इसके अलावा निर्धारित समय के बाद बार संचालित करने और तेज आवाज में डीजे बजाने के आरोपों को लेकर बार के मैनेजर के खिलाफ भी मुकदमा दर्ज किया गया था।
फिलहाल शनिवार रात हुई ताजा घटना के वीडियो के आधार पर पुलिस जांच आगे बढ़ा रही है। पहचान और शिकायत के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।