साले को मारने पहुंचे हमलावर, तख्त पर सो रहे जीजा की कर दी हत्या! कुल्हाड़ी से ताबड़तोड़ वार, दो आरोपी हिरासत में

0 29

- Advertisement -

साले को मारने पहुंचे हमलावर, तख्त पर सो रहे जीजा की कर दी हत्या! कुल्हाड़ी से ताबड़तोड़ वार, दो आरोपी हिरासत में

बरेली। अलीगंज थाना क्षेत्र के बिहारीपुर गांव में मंगलवार रात एक सनसनीखेज हत्या की वारदात से हड़कंप मच गया। ससुराल आए 50 वर्षीय रामरतन की सोते समय कुल्हाड़ी से हमला कर हत्या कर दी गई। पुलिस के मुताबिक, हमलावर कथित तौर पर रामरतन के साले रघुवीर पाल को निशाना बनाने पहुंचे थे, लेकिन रघुवीर के घर पर मौजूद नहीं होने के कारण बैठक में तख्त पर सो रहे रामरतन पर हमला कर दिया गया। घटना के बाद गांव में तनाव का माहौल है।

- Advertisement -

रामरतन मूल रूप से बदायूं जिले के पीरबट्ट गांव के रहने वाले थे। मंगलवार को वह अपने बहनोई रघुवीर पाल के घर कनागत कार्यक्रम में शामिल होने बिहारीपुर आए थे। रात में रघुवीर पाल किसी काम से खेत की ओर चले गए। इसी दौरान रामरतन बैठक में रखे तख्त पर सो गए।

शराब पीकर गाली-गलौज का विरोध बना विवाद की वजह
रघुवीर पाल ने पुलिस को दी तहरीर में आरोप लगाया कि गांव के हरपाल, मुकुट, नन्हे और लाखन शराब के नशे में गाली-गलौज कर रहे थे। रघुवीर ने कथित तौर पर उन्हें ऐसा करने से रोका था। इसी बात को लेकर दोनों पक्षों में विवाद और रंजिश होने की बात सामने आई है। तहरीर के मुताबिक चारों आरोपी सगे भाई बताए गए हैं।

रात करीब 10 बजे घर में घुसे, तख्त पर सो रहे रामरतन पर हमला
आरोप है कि मंगलवार रात करीब दस बजे चारों आरोपी एक अज्ञात व्यक्ति के साथ रघुवीर पाल के घर पहुंचे। उस समय रघुवीर घर पर नहीं थे। आरोपियों ने बैठक में तख्त पर सो रहे रामरतन पर कुल्हाड़ी से कई वार कर दिए। सिर में गंभीर चोट लगने के बाद रामरतन की चीख-पुकार सुनकर घर में मौजूद रघुवीर की पत्नी आरती पाल और उनके चचेरे भाई भोगेंद्र पाल बाहर आए।

परिजनों को आता देखकर हमलावर मौके से फरार हो गए। गंभीर रूप से घायल रामरतन को इलाज के लिए अस्पताल ले जाया गया, लेकिन रास्ते में ही उनकी मौत हो गई। घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी।

दो आरोपी हिरासत में, हत्या में इस्तेमाल कुल्हाड़ी बरामद
पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। रघुवीर पाल की तहरीर के आधार पर चार नामजद आरोपियों और एक अज्ञात के खिलाफ हत्या की रिपोर्ट दर्ज की गई है।

पुलिस ने मुकुट और हरपाल को हिरासत में लिया है। वारदात में इस्तेमाल की गई कुल्हाड़ी भी बरामद किए जाने की बात पुलिस ने कही है। वहीं, फरार आरोपियों की तलाश में पुलिस दबिश दे रही है।
फिलहाल पुलिस पूरे घटनाक्रम की जांच कर रही है। हत्या के पीछे पुरानी रंजिश, विवाद और हमले के वास्तविक मकसद समेत अन्य पहलुओं को भी खंगाला जा रहा है। वारदात के बाद गांव में तनाव को देखते हुए पुलिस सतर्क है।