बेकाबू डंपर ने ई-रिक्शा को मारी जोरदार टक्कर, सब्जी व्यापारी की मौके पर मौत; चालक फरार
- Advertisement -
बेकाबू डंपर ने ई-रिक्शा को मारी जोरदार टक्कर, सब्जी व्यापारी की मौके पर मौत; चालक फरार
बरेली। सिरौली थाना क्षेत्र में बुधवार सुबह आंवला मार्ग पर हुए भीषण सड़क हादसे में ई-रिक्शा सवार 60 वर्षीय सब्जी व्यापारी की मौके पर ही मौत हो गई। गांव संग्रामपुर के पास तेज रफ्तार डंपर ने ई-रिक्शा को जोरदार टक्कर मार दी। हादसे के बाद चालक डंपर लेकर मौके से फरार हो गया। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमॉर्टम के लिए बरेली भेज दिया।
- Advertisement -
सब्जियां खरीदने आंवला मंडी जा रहे थे बन्ने शाह
सिरौली के मोहल्ला घेर निवासी बन्ने शाह (60) बाजारों में सब्जी बेचकर परिवार का पालन-पोषण करते थे। बुधवार सुबह करीब छह बजे वह अपनी ई-रिक्शा से सब्जियां खरीदने के लिए आंवला मंडी जा रहे थे। इसी दौरान आंवला रोड पर गांव संग्रामपुर के पास आंवला की ओर से आ रहे एक डंपर ने उनके ई-रिक्शा में जोरदार टक्कर मार दी।
प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि ई-रिक्शा बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया। हादसे में बन्ने शाह गंभीर रूप से घायल हो गए और उन्होंने घटनास्थल पर ही दम तोड़ दिया। हादसे के बाद मौके पर लोगों की भीड़ जमा हो गई।
सूचना पर पहुंची पुलिस, परिजनों में मचा कोहराम
ग्रामीणों ने तत्काल सिरौली थाना पुलिस को हादसे की सूचना दी। सूचना मिलते ही सिरौली इंस्पेक्टर पुलिस टीम के साथ घटनास्थल पर पहुंचे। पुलिस ने मौके पर जांच-पड़ताल की और शव का पंचनामा भरने के बाद पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया।
इधर, हादसे की खबर मिलते ही मृतक के परिजन भी घटनास्थल पर पहुंच गए। बन्ने शाह की मौत की खबर से परिवार में कोहराम मच गया। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल रहा।
हादसे के बाद डंपर लेकर भागा चालक
घटना के बाद डंपर चालक वाहन समेत मौके से फरार हो गया। पुलिस ने अज्ञात डंपर चालक के खिलाफ मामला दर्ज कर उसकी तलाश शुरू कर दी है। पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है, ताकि डंपर और उसके चालक की पहचान की जा सके।
पुलिस के मुताबिक आरोपी चालक की पहचान कर जल्द ही उसके खिलाफ कार्रवाई की जाएगी। वहीं, हादसे के बाद स्थानीय लोगों ने मार्ग पर तेज रफ्तार वाहनों पर अंकुश लगाने और सड़क सुरक्षा व्यवस्था मजबूत किए जाने की मांग की है।