- Advertisement -
शंखा नदी में नहाने गए ममेरे-फुफेरे भाइयों की डूबकर मौत, छह घंटे की मशक्कत के बाद बरामद हुए शव
बरेली। सीबीगंज थाना क्षेत्र के परसाखेड़ा गौटिया गांव में सोमवार को शंखा नदी में नहाने गए दो ममेरे-फुफेरे भाइयों की डूबने से मौत हो गई। दोनों युवक अपने दोस्तों के साथ नदी में नहाने पहुंचे थे। इसी दौरान पैर फिसलने से दोनों गहरे पानी में चले गए और देखते ही देखते नदी में डूब गए। घटना की सूचना मिलते ही मौके पर पहुंची पुलिस ने स्थानीय लोगों की मदद से दोनों की तलाश शुरू कराई। करीब छह घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद दोनों के शव नदी से बरामद किए जा सके।
- Advertisement -
जानकारी के मुताबिक, अजय और रोहित अपने दोस्तों के साथ शंखा नदी में नहाने के लिए गए थे। बताया जा रहा है कि नहाते समय अचानक दोनों का पैर फिसल गया और वे नदी के गहरे हिस्से में चले गए। आसपास मौजूद लोगों ने उन्हें बचाने का प्रयास किया, लेकिन पानी अधिक गहरा होने के कारण दोनों का कोई पता नहीं चल सका।
दो युवकों के नदी में डूबने की खबर फैलते ही गांव में हड़कंप मच गया। परिजन भी मौके पर पहुंच गए। पुलिस ने स्थानीय लोगों की मदद से नदी में तलाश शुरू कराई। काफी प्रयास के बाद करीब छह घंटे बाद दोनों के शव नदी से बाहर निकाले जा सके।
दोनों युवकों की मौत की खबर घर पहुंचते ही परिवार में कोहराम मच गया। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। गांव में भी मातम पसरा हुआ है। एक साथ दो युवकों की मौत से हर कोई स्तब्ध नजर आया।
सूचना पर पहुंची सीबीगंज थाना पुलिस ने दोनों शवों को कब्जे में लेकर पंचनामा भरने के बाद पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पुलिस घटना के संबंध में आवश्यक कार्रवाई कर रही है।