ईद मिलादुन्नबी पर शरीयत के दायरे में निकालें जुलूस, हथियार लेकर न आएं: फरमान मियाँ

0 8

- Advertisement -

ईद मिलादुन्नबी पर शरीयत के दायरे में निकालें जुलूस, हथियार लेकर न आएं: फरमान मियाँ

रिपोर्ट/आसिफ अली

- Advertisement -

बरेली। 1501वें ईद मिलादुन्नबी को लेकर बरेली में तैयारियां तेज हो गई हैं। पुराने शहर से लेकर नए शहर तक जगह-जगह सजावट और रोशनी की तैयारियां की जा रही हैं। मस्जिदों, मदरसों और प्रमुख स्थानों पर महफिल-ए-मिलाद, नातिया कार्यक्रम, कुरआनख्वानी और दुआ का आयोजन किया जाएगा। जुलूस-ए-मोहम्मदी भी पारंपरिक अंदाज में निकाला जाएगा।

जमात रजा-ए-मुस्तफा के राष्ट्रीय महासचिव फरमान हसन खान फरमान मियां ने ईद मिलादुन्नबी की देशवासियों को दिली मुबारकबाद देते हुए सभी अकीदतमंदों से जुलूस को शांतिपूर्ण और अनुशासित तरीके से निकालने की अपील की है। उन्होंने कहा कि ईद मिलादुन्नबी रहमत, बरकत, मोहब्बत और इंसानियत का पैगाम देने का अवसर है।

जुलूस में हथियार लेकर न आने की अपील

फरमान मियां ने जुलूस में शामिल होने वाली सभी अंजुमनों से विशेष अपील करते हुए कहा कि कोई भी व्यक्ति हथियार लेकर जुलूस में शामिल न हो। पैगंबर-ए-इस्लाम की मोहब्बत में लोग सादगी के साथ दुरूद शरीफ पढ़ते हुए जुलूस में शामिल हों और भाईचारे, अमन व मोहब्बत का संदेश आम करें।

उन्होंने युवाओं से भी अपील की कि वे आयोजन के दौरान अनुशासन बनाए रखें और ऐसा कोई कार्य न करें जिससे किसी की भावनाएं आहत हों या शहर की शांति व्यवस्था प्रभावित हो।

50 से अधिक अंजुमनों का होगा सम्मान

फरमान मियां ने बताया कि मथुरापुर स्थित जमियातुर रजा में अटा, बीबियापुर, तिलियापुर, खनागोटिया, बहेड़ी, मीरगंज, बंदिया, मथुरापुर, परधौली समेत आसपास के गांवों की 50 से अधिक अंजुमनों को सम्मानित किया जाएगा।

उन्होंने कहा कि 1501वें ईद मिलादुन्नबी के मौके पर पुराने और नए शहर दोनों क्षेत्रों में जमात रजा-ए-मुस्तफा के पदाधिकारी सक्रिय रहेंगे, ताकि जुलूस में शामिल होने वाले लोगों को किसी तरह की परेशानी का सामना न करना पड़े।

रोशनी और सजावट से जगमगाएगा शहर

ईद मिलादुन्नबी को लेकर शहर की गलियों, चौराहों और प्रमुख स्थानों पर आकर्षक सजावट की जा रही है। जगह-जगह रोशनी की व्यवस्था के साथ महफिलों और नातिया कार्यक्रमों की तैयारियां भी चल रही हैं। मस्जिदों और मदरसों में विशेष सजावट के साथ कुरआनख्वानी और दुआ का आयोजन होगा।

जुलूस-ए-मोहम्मदी के दौरान नात-ओ-कसीदों और धार्मिक नारों से माहौल भक्तिमय नजर आएगा। आयोजकों का कहना है कि इस बार 1501वें ईद मिलादुन्नबी को यादगार बनाने के लिए व्यापक तैयारियां की जा रही हैं।

अमन और भाईचारे का दिया जाएगा संदेश

फरमान हसन खान फरमान मियां ने कहा कि ईद मिलादुन्नबी केवल जश्न का अवसर नहीं, बल्कि एकता, भाईचारे और इंसानियत का संदेश देने का दिन है। सभी लोग आपसी सौहार्द बनाए रखें और मोहब्बत का पैगाम समाज तक पहुंचाएं।

प्रशासन भी तैयारियों में जुटा

ईद मिलादुन्नबी के जुलूस को लेकर प्रशासन और पुलिस स्तर पर भी तैयारियां की जा रही हैं। यातायात व्यवस्था को सुचारु रखने के लिए जुलूस के रूट और डायवर्जन की योजना तैयार की जा रही है। प्रमुख स्थानों पर सुरक्षा व्यवस्था के साथ सहायता केंद्र स्थापित किए जाने की तैयारी है, ताकि जुलूस में शामिल लोगों को किसी प्रकार की परेशानी न हो।

आयोजकों ने उम्मीद जताई कि 1501वां ईद मिलादुन्नबी बरेली में अमन, अनुशासन, भाईचारे और मोहब्बत की मिसाल कायम करेगा।