ईद मिलादुन्नबी और उर्स-ए-शराफत मियां: 25 अगस्त शाम से बदलेगा ट्रैफिक, भारी वाहनों की शहर में नो-एंट्री

0 10

- Advertisement -

ईद मिलादुन्नबी और उर्स-ए-शराफत मियां: 25 अगस्त शाम से बदलेगा ट्रैफिक, भारी वाहनों की शहर में नो-एंट्री

रिपोर्ट/आसिफ अली

- Advertisement -

बरेली। ईद मिलादुन्नबी और उर्स-ए-शराफत मियां के मौके पर 26 अगस्त को शहर में निकलने वाले जुलूसों को देखते हुए ट्रैफिक पुलिस ने यातायात व्यवस्था का खाका तैयार कर लिया है। जुलूसों के दौरान शहर में भीड़ और जाम की स्थिति से निपटने के लिए 25 अगस्त की शाम छह बजे से भारी वाहनों और रोडवेज बसों के रूट डायवर्ट कर दिए जाएंगे। यह व्यवस्था 26 अगस्त को कार्यक्रम समाप्त होने तक लागू रहेगी।

ट्रैफिक पुलिस ने लोगों से अपील की है कि 25 अगस्त की शाम से शहर में निकलने से पहले निर्धारित डायवर्जन रूट की जानकारी जरूर कर लें। भीड़ बढ़ने की स्थिति में जरूरत के अनुसार चार पहिया वाहनों, ऑटो और ई-रिक्शा का आवागमन भी कुछ मार्गों पर रोका जा सकता है।

इन रास्तों से शहर में नहीं आ सकेंगे भारी वाहन

मिनी बाईपास, इज्जतनगर तिराहा, डेलापीर तिराहा, ईसाइयों की पुलिया, वियावान कोठी, ऑफिसर्स मैस तिराहा और सैटेलाइट तिराहे से शहर की ओर भारी वाहनों की एंट्री बंद रहेगी। इसके अलावा रामगंगा तिराहे से चौपला की ओर भी भारी वाहनों को जाने की अनुमति नहीं होगी।

दिल्ली, रामपुर, नैनीताल और पीलीभीत की ओर से बरेली आने वाले भारी वाहनों को झुमका तिराहे से परसाखेड़ा औद्योगिक क्षेत्र रोड नंबर-1 और बड़े बाईपास होते हुए ट्रांसपोर्टनगर की ओर भेजा जाएगा।

लखनऊ जाने वाले भारी वाहनों के लिए यह होगा रूट

लखनऊ की ओर जाने वाले भारी वाहनों को झुमका तिराहे से विलवा, विलयधाम और इन्वर्टिस होते हुए आगे जाना होगा। वापसी में भी वाहनों को इसी मार्ग का इस्तेमाल करना होगा।

वहीं दिल्ली, नैनीताल और पीलीभीत रोड की ओर से आने वाले भारी वाहन यदि बदायूं की ओर जाना चाहते हैं तो उन्हें बड़ा बाईपास, इन्वर्टिस तिराहा, फरीदपुर और बुखारा मोड़ होकर गुजरना होगा। वापसी के लिए भी यही मार्ग निर्धारित किया गया है।

रोडवेज बसों के लिए भी बदला गया रूट

यातायात व्यवस्था बनाए रखने के लिए रोडवेज बसों के मार्ग में भी बदलाव किया गया है। दिल्ली, मुरादाबाद और रामपुर की ओर से आने वाली रोडवेज बसें मिनी बाईपास, इज्जतनगर तिराहा, डेलापीर, 100 फुटा पूर्वी और सुरेश शर्मा नगर होते हुए सैटेलाइट बस स्टैंड पहुंचेंगी।

नैनीताल और पीलीभीत रोड से आने वाली रोडवेज बसों को भी 100 फुटा पूर्वी और सुरेश शर्मा नगर होते हुए सैटेलाइट बस स्टैंड तक पहुंचाया जाएगा।

बरेली से बदायूं की ओर जाने वाली रोडवेज बसें वियावान कोठी, ऑफिसर्स मैस तिराहा, बुखारा मोड़ और रामगंगा तिराहा होते हुए चलेंगी। वापसी में भी बसों को इसी मार्ग से संचालित किया जाएगा।

भीड़ बढ़ी तो इन मार्गों पर भी बंद हो सकता है आवागमन

जुलूस के दौरान यदि किसी मार्ग पर भीड़ अधिक बढ़ती है तो यातायात पुलिस जरूरत के अनुसार चार पहिया वाहनों, ऑटो और ई-रिक्शा का आवागमन भी रोक सकती है। इसके लिए अशोक नगर तिराहा, सूद धर्मकांटा से कोहाड़ापीर, मूर्ति नर्सिंग होम से गंगापुर और मठ की चौकी, श्यामगंज चौराहे से कालीबाड़ी, बरेली कॉलेज, पटेल चौक तथा चौपला चौराहे से नावल्टी की ओर जाने वाले मार्गों पर विशेष निगरानी रखी जाएगी।

जुलूस की स्थिति और भीड़ के दबाव को देखते हुए इन रास्तों पर वाहनों को अस्थायी रूप से रोका जा सकता है।

घर से निकलने से पहले रूट की जानकारी करें

एसपी ट्रैफिक मो. अकमल खान ने लोगों से अपील की है कि 25 अगस्त की शाम छह बजे से लागू होने वाले यातायात डायवर्जन को ध्यान में रखते हुए ही घर से निकलें। जुलूस के दौरान भीड़ वाले मार्गों पर जाने से बचें और जरूरत पड़ने पर वैकल्पिक रास्तों का इस्तेमाल करें।

ट्रैफिक पुलिस का उद्देश्य जुलूसों के दौरान यातायात व्यवस्था को सुचारु बनाए रखना और लोगों को अनावश्यक जाम से राहत दिलाना है। लोगों से भी यातायात व्यवस्था बनाए रखने में पुलिस का सहयोग करने की अपील की गई है।