प्रेम विवाह के एक महीने बाद युवक का शव फंदे से लटका मिला, परिवार ने जताई हत्या कि आशंका
- Advertisement -
प्रेम विवाह के एक महीने बाद युवक का शव फंदे से लटका मिला, परिवार ने जताई हत्या कि आशंका
रिपोर्ट/आसिफ अली
- Advertisement -
बरेली। सीबीगंज थाना क्षेत्र के नवदिया गांव में रविवार सुबह उस समय हड़कंप मच गया, जब 26 वर्षीय फैजान का शव उसके घर में फंदे से लटका मिला। बताया जा रहा है कि करीब एक माह पहले ही फैजान ने जास्मीन से प्रेम विवाह किया था। निकाह के बाद दोनों परिवार से अलग रहकर रह रहे थे। घटना के बाद परिवार में कोहराम मच गया। पुलिस ने शव पोस्टमार्टम के लिए भेजकर मामले की जांच शुरू कर दी है।
सुबह पत्नी की आंख खुली तो सामने मिला शव
जास्मीन के अनुसार, शनिवार रात फैजान खाना खाने के बाद सो गया था। रविवार सुबह जब उसकी नींद खुली तो उसने फैजान को पंखे से लटका देखा। यह देखकर उसके होश उड़ गए। उसने तत्काल मायके और ससुराल पक्ष के लोगों को घटना की जानकारी दी। परिजनों की सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची और शव को नीचे उतारकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
परिजनों ने जताई अनहोनी की आशंका
घटना के बाद फैजान के परिजनों ने कुछ गंभीर आशंकाएं जताई हैं। परिजनों का कहना है कि शव के सिर से खून निकल रहा था। इसको लेकर उन्होंने पुलिस के सामने मामले की जांच की मांग की। पुलिस ने घटना को गंभीरता से लेते हुए मौके की परिस्थितियों और परिवार के सदस्यों से मिली जानकारी के आधार पर जांच शुरू कर दी है। पुलिस का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत की वजह के संबंध में स्थिति स्पष्ट हो सकेगी।
प्रेम विवाह के बाद परिवार से बढ़ी थी दूरी
जास्मीन ने बताया कि दोनों ने करीब एक महीने पहले प्रेम विवाह किया था। विवाह के बाद फैजान के परिवार के कुछ लोग उनसे संबंध रखने के पक्ष में नहीं थे। इसी वजह से फैजान मानसिक रूप से परेशान रहता था। हालांकि पुलिस अभी किसी भी संभावना को लेकर अंतिम निष्कर्ष पर नहीं पहुंची है। पुलिस आत्महत्या समेत घटना से जुड़े अन्य पहलुओं की भी जांच कर रही है।
निजी अस्पताल में वार्ड ब्वॉय था फैजान
फैजान दो भाइयों और एक बहन में सबसे बड़ा था। वह एक निजी अस्पताल में वार्ड ब्वॉय के रूप में काम करता था। उसकी मौत की खबर मिलते ही परिवार में मातम छा गया। मां जीनत निशा का रो-रोकर बुरा हाल है। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और रिपोर्ट मिलने के बाद आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
पुलिस का कहना है कि फिलहाल मामले की जांच जारी है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच में सामने आने वाले तथ्यों के आधार पर मौत की वास्तविक वजह स्पष्ट होगी।