नदौसी में गन्ने के खेत में मिला अज्ञात युवक का शव, मचा हड़कंप
- Advertisement -
नदौसी में गन्ने के खेत में मिला अज्ञात युवक का शव, मचा हड़कंप
रिपोर्ट/आसिफ अली
- Advertisement -
बरेली। सीबीगंज थाना क्षेत्र के नदौसी गांव में रविवार सुबह गन्ने के खेत में करीब 35 वर्षीय अज्ञात युवक का शव मिलने से सनसनी फैल गई। शव स्कोडा कार शोरूम के पीछे नहर किनारे स्थित गन्ने के खेत में पड़ा था। खेत में शव मिलने की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण किया। फील्ड यूनिट ने भी मौके पर पहुंचकर साक्ष्य जुटाने का प्रयास किया। काफी प्रयास के बाद भी देर शाम तक मृतक की पहचान नहीं हो सकी।
खेत में पहुंचे किसान की नजर शव पर पड़ी
नदौसी गांव निवासी रंजीत यादव ने बताया कि उन्होंने बरेली के राजेंद्र नगर निवासी मुन्ना बाबू का गन्ने का खेत ठेके पर ले रखा है। रविवार सुबह करीब नौ बजे वह खेत पर पहुंचे थे। गन्ने के बीच जाने के दौरान उनकी नजर एक युवक के शव पर पड़ी। शव देखते ही वह घबरा गए और उन्होंने आसपास के ग्रामीणों को इसकी जानकारी दी। इसके बाद पुलिस को सूचना दी गई।
पुलिस और फील्ड यूनिट ने जुटाए साक्ष्य
अज्ञात शव मिलने की सूचना पर सीओ सेकेंड और सीबीगंज थाना प्रभारी विनोद सिंह पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस ने घटनास्थल के आसपास जांच-पड़ताल की। इसके बाद फील्ड यूनिट को बुलाया गया। टीम ने घटनास्थल और शव के आसपास बारीकी से छानबीन कर संभावित साक्ष्य जुटाने का प्रयास किया।
ग्रामीणों से कराई गई मृतक की पहचान
पुलिस ने नदौसी गांव और आसपास के इलाकों के लोगों को मौके पर बुलाकर मृतक की पहचान कराने की कोशिश की, लेकिन कोई भी युवक को पहचान नहीं सका। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पहचान की प्रक्रिया शुरू कर दी है। आसपास के थानों में दर्ज गुमशुदगी की रिपोर्टों की जानकारी भी जुटाई जा रही है, ताकि मृतक की पहचान हो सके।
पोस्टमार्टम रिपोर्ट से साफ होगी मौत की वजह
पुलिस के मुताबिक युवक की मौत किन परिस्थितियों में हुई, यह अभी स्पष्ट नहीं है। मौत का सही कारण पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही सामने आएगा। पुलिस सभी संभावित पहलुओं को ध्यान में रखते हुए मामले की जांच कर रही है। फिलहाल अज्ञात शव मिलने के बाद क्षेत्र में तरह-तरह की चर्चाएं बनी हुई हैं।