कांवड़ यात्रा की तैयारियों का जायजा लेने पहुंचे मंडलायुक्त और डीआईजी, श्रद्धालुओं को बांटे फल-प्रसाद, सुरक्षा व्यवस्था पर दिए सख्त निर्देश
- Advertisement -
कांवड़ यात्रा की तैयारियों का जायजा लेने पहुंचे मंडलायुक्त और डीआईजी, श्रद्धालुओं को बांटे फल-प्रसाद, सुरक्षा व्यवस्था पर दिए सख्त निर्देश
रिपोर्ट/आसिफ अली
- Advertisement -
बरेली,श्रावण मास और कांवड़ यात्रा को सकुशल एवं शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराने के उद्देश्य से पुलिस उपमहानिरीक्षक (डीआईजी) बरेली परिक्षेत्र अजय कुमार साहनी और मंडलायुक्त शंभू कुमार ने शुक्रवार को कांवड़ यात्रा मार्ग का स्थलीय निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने कांवड़ियों को फल एवं प्रसाद वितरित कर उनका उत्साहवर्धन किया और सुरक्षा एवं व्यवस्थाओं का व्यापक जायजा लिया।
निरीक्षण के दौरान अधिकारियों ने पार्किंग स्थलों, रूट डायवर्जन, कंट्रोल रूम, यातायात प्रबंधन तथा सुरक्षा व्यवस्था की समीक्षा करते हुए संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि कांवड़ यात्रा के दौरान श्रद्धालुओं को किसी प्रकार की असुविधा न हो, इसके लिए सभी विभाग आपसी समन्वय के साथ कार्य करें।
मिशन शक्ति केंद्रों का भी किया निरीक्षण
डीआईजी अजय कुमार साहनी ने थाना भमोरा (बरेली) और थाना विनावर (बदायूं) में स्थापित मिशन शक्ति केंद्र (MSK) का निरीक्षण किया।
उन्होंने महिला सहायता एवं परामर्श व्यवस्था, हेल्पलाइन सेवाओं और जनजागरूकता गतिविधियों की समीक्षा की। अधिकारियों को निर्देश दिए गए कि महिला श्रद्धालुओं को त्वरित सहायता उपलब्ध कराने के लिए मिशन शक्ति केंद्रों का प्रभावी संचालन सुनिश्चित किया जाए।
गंगा घाटों पर सुरक्षा रहेगी सर्वोच्च प्राथमिकता
मंडलायुक्त शंभू कुमार और डीआईजी अजय कुमार साहनी ने स्पष्ट निर्देश दिए कि गंगा घाटों पर पर्याप्त पुलिस बल की तैनाती की जाए। महिला श्रद्धालुओं की सुरक्षा के लिए पर्याप्त संख्या में महिला पुलिसकर्मियों की ड्यूटी लगाई जाए तथा स्नान के दौरान किसी भी प्रकार की अव्यवस्था या दुर्घटना की स्थिति उत्पन्न न होने दी जाए।
पार्किंग, ट्रैफिक और भीड़ प्रबंधन पर विशेष जोर
अधिकारियों ने गंगा स्नान के लिए आने वाले श्रद्धालुओं के वाहनों की पार्किंग व्यवस्था का निरीक्षण किया और सभी तैयारियां समयबद्ध ढंग से पूरी करने के निर्देश दिए। भीड़ नियंत्रण, रूट डायवर्जन, आपातकालीन सहायता और यातायात संचालन को लेकर भी विस्तृत समीक्षा की गई ताकि श्रद्धालुओं का आवागमन सुरक्षित और सुगम बना रहे।
सीसीटीवी और ड्रोन से होगी निगरानी
सुरक्षा व्यवस्था को और अधिक मजबूत बनाने के लिए संवेदनशील क्षेत्रों में सीसीटीवी कैमरों और ड्रोन कैमरों के माध्यम से लगातार निगरानी रखने के निर्देश दिए गए। साथ ही असामाजिक तत्वों और अफवाह फैलाने वालों के खिलाफ तत्काल कड़ी कानूनी कार्रवाई करने के निर्देश भी जारी किए गए।
निर्धारित मानकों के अनुसार ही बजेंगे डीजे
निरीक्षण के दौरान अधिकारियों ने कहा कि कांवड़ यात्रा में ध्वनि विस्तारक यंत्र और डीजे का उपयोग शासन द्वारा निर्धारित मानकों के अनुरूप ही किया जाए। किसी भी प्रकार के अतिक्रमण, अव्यवस्था या नियमों के उल्लंघन पर तत्काल वैधानिक कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी।
निरीक्षण के दौरान अपर पुलिस अधीक्षक नगर बदायूं अभिषेक कुमार सिंह, क्षेत्राधिकारी नगर बदायूं राहुल पांडेय सहित पुलिस और प्रशासन के अन्य अधिकारी मौजूद रहे।