उर्स-ए-रजवी पर समाजवादी पार्टी , AIMIM और कांग्रेस ने दरगाह आला हजरत पर की चादरपोशी, मुल्क में अमन-चैन और भाईचारे की मांगी दुआ
- Advertisement -
- Advertisement -
उर्स-ए-रजवी पर समाजवादी पार्टी , AIMIM और कांग्रेस ने दरगाह आला हजरत पर की चादरपोशी, मुल्क में अमन-चैन और भाईचारे की मांगी दुआ
रिपोर्ट/आसिफ अली
बरेली। विश्व प्रसिद्ध इस्लामी विद्वान आला हजरत इमाम अहमद रजा खां फाजिले बरेलवी के 108वें उर्स-ए-रजवी के अवसर पर शुक्रवार को दरगाह आला हजरत पर देशभर से अकीदतमंदों की आमद जारी रही। इसी क्रम में विभिन्न राजनीतिक दलों के प्रतिनिधिमंडलों ने भी दरगाह पहुंचकर चादरपोशी की और देश में अमन, भाईचारे, खुशहाली तथा सामाजिक सौहार्द के लिए विशेष दुआएं कीं।
उर्स के दौरान समाजवादी पार्टी, ऑल इंडिया मजलिस-ए-इत्तेहादुल मुस्लिमीन (AIMIM) और कांग्रेस के नेताओं ने अलग-अलग समय पर दरगाह में हाजिरी देकर अपनी अकीदत पेश की। सभी प्रतिनिधिमंडलों ने आला हजरत की इंसानियत, मोहब्बत और आपसी भाईचारे की शिक्षाओं को समाज के लिए प्रेरणास्रोत बताया।
अखिलेश यादव की ओर से भेजी गई चादर और शुभकामना संदेश
समाजवादी Party के राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव की ओर से दरगाह आला हजरत पर चादर और मुबारकबाद संदेश भेजा गया। सपा के जिलाध्यक्ष शुभलेश यादव और महानगर अध्यक्ष शमीम खां सुल्तानी के नेतृत्व में प्रतिनिधिमंडल ने सबसे पहले सज्जादानशीन मुफ्ती मोहम्मद अहसन रजा खां से मुलाकात की।
इसके बाद प्रतिनिधिमंडल ने दरगाह शरीफ में चादरपोशी कर देश की तरक्की, सामाजिक सौहार्द, शांति और प्रदेश की खुशहाली के लिए दुआ की। प्रतिनिधियों ने हजरत मुफ्ती मोहम्मद असजद रजा खां को भी अखिलेश यादव का शुभकामना संदेश और पत्र सौंपा।
इस अवसर पर भोजीपुरा विधायक शहजिल इस्लाम, पूर्व सांसद प्रवीण सिंह ऐरन, पूर्व विधायक विजयपाल सिंह सहित पार्टी के कई वरिष्ठ नेता, पदाधिकारी और कार्यकर्ता मौजूद रहे।
ओवैसी की ओर से AIMIM प्रतिनिधिमंडल ने पेश की चादर
ऑल इंडिया मजलिस-ए-इत्तेहादुल मुस्लिमीन (AIMIM) का प्रतिनिधिमंडल प्रदेश महासचिव नदीम कुरैशी के नेतृत्व में दरगाह आला हजरत पहुंचा। प्रतिनिधिमंडल ने सज्जादानशीन मुफ्ती अहसन मियां से मुलाकात कर सांसद बैरिस्टर असदुद्दीन ओवैसी की ओर से भेजी गई चादर दरगाह पर अकीदत के साथ पेश की।
चादरपोशी के दौरान दरगाह के मीडिया प्रभारी नासिर कुरैशी, परवेज नूरी और अजमल नूरी भी मौजूद रहे। प्रतिनिधिमंडल में जिलाध्यक्ष एडवोकेट मोहम्मद असलम, एडवोकेट यूसुफ, जाहिद कुरैशी, मोहसिन खान, अल्ताफ हुसैन, अनबर चौधरी, नदीम मंसूरी, रिफाकत खान, ओवैस खान, मोनिस कुरैशी, दानिश कुरैशी, तौसीफ खान, नदीम अंसारी और चांद खान समेत कई पदाधिकारी शामिल रहे।
कांग्रेस नेताओं ने भी दरगाह में दी हाजिरी उर्स-ए-रजवी के अवसर पर कांग्रेस के प्रतिनिधिमंडल ने भी दरगाह आला हजरत पहुंचकर चादरपोशी की और देश में अमन, भाईचारे, सामाजिक एकता और खुशहाली के लिए दुआ की। कांग्रेस नेताओं ने दरगाह की परंपराओं का सम्मान करते हुए अकीदत के साथ अपनी हाजिरी दर्ज कराई।
देशभर से पहुंच रहे हैं अकीदतमंद और जनप्रतिनिधि 108वें उर्स-ए-रजवी के दौरान दरगाह आला हजरत में देश के विभिन्न राज्यों से जायरीन और अकीदतमंद लगातार पहुंच रहे हैं। धार्मिक कार्यक्रमों के साथ-साथ विभिन्न सामाजिक, धार्मिक और राजनीतिक संगठनों के प्रतिनिधि भी दरगाह में हाजिरी देकर आला हजरत की शिक्षाओं को याद कर रहे हैं।
उर्स के दौरान सभी प्रतिनिधिमंडलों ने इस बात पर जोर दिया कि आला हजरत का संदेश इंसानियत, आपसी सम्मान, धार्मिक सौहार्द और भाईचारे का प्रतीक है। उन्होंने समाज में प्रेम, एकता और शांति के मूल्यों को आगे बढ़ाने का संकल्प भी व्यक्त किया।
