किशोर कुमार जयंती पर सुरों की महफिल सजी, हमारा सुर संसार ग्रुप ने दी संगीतमय श्रद्धांजलि

0 1

- Advertisement -

किशोर कुमार जयंती पर सुरों की महफिल सजी, हमारा सुर संसार ग्रुप ने दी संगीतमय श्रद्धांजलि

रिपोर्ट/आसिफ अली

- Advertisement -

बरेली। महान पार्श्व गायक और अभिनेता किशोर कुमार की जयंती के अवसर पर बरेली में हमारा सुर संसार ग्रुप द्वारा एक भव्य संगीतमय कार्यक्रम का आयोजन किया गया। पवन विहार स्थित ग्रुप के मीडिया प्रभारी विजय शर्मा के आवास पर आयोजित इस कार्यक्रम में संगीत प्रेमियों ने किशोर कुमार के सदाबहार गीत प्रस्तुत कर उन्हें भावभीनी श्रद्धांजलि अर्पित की। कार्यक्रम में प्रस्तुत गीतों ने श्रोताओं का दिल जीत लिया और देर शाम तक सुरों की महफिल सजी रही।

कार्यक्रम के मुख्य अतिथि नेशनल हाईवे के जनरल मैनेजर नरेश कौशिक शर्मा तथा विशिष्ट अतिथि सब इंस्पेक्टर शेर सिंह थापा रहे। दोनों अतिथियों का स्वागत पुष्पगुच्छ भेंट कर सम्मानपूर्वक किया गया।

मुख्य अतिथि नरेश कौशिक शर्मा ने कहा कि किशोर कुमार भारतीय फिल्म संगीत की ऐसी अमूल्य धरोहर हैं, जिनकी आवाज़ आज भी हर पीढ़ी को समान रूप से आकर्षित करती है। उन्होंने कहा कि उनके गीत जीवन के हर भाव और हर रंग को सहजता से अभिव्यक्त करते हैं। ऐसे सांस्कृतिक आयोजन नई पीढ़ी को भारतीय संगीत की समृद्ध विरासत से जोड़ने का महत्वपूर्ण माध्यम हैं।

विशिष्ट अतिथि सब इंस्पेक्टर शेर सिंह थापा ने कहा कि संगीत समाज में प्रेम, सौहार्द और सकारात्मक ऊर्जा का संदेश देता है। उन्होंने कहा कि किशोर कुमार के गीत आज भी उतने ही लोकप्रिय हैं जितने अपने दौर में थे। उन्होंने हमारा सुर संसार ग्रुप के प्रयासों की सराहना करते हुए कहा कि इस प्रकार के कार्यक्रम कला और संस्कृति को जीवंत बनाए रखने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं।

संगीत संध्या का शुभारंभ ग्रुप के मीडिया प्रभारी विजय शर्मा ने किशोर कुमार का लोकप्रिय गीत “चला जाता हूं किसी की धुन में, धड़कते दिल के तराने लिए” प्रस्तुत कर किया। उनकी शानदार प्रस्तुति पर श्रोताओं ने जोरदार तालियों से उत्साहवर्धन किया।

इसके बाद कलाकारों ने एक से बढ़कर एक सदाबहार गीत प्रस्तुत कर कार्यक्रम को यादगार बना दिया। अजय अरोड़ा ने “आदमी जो कहता है”, मनोज उपाध्याय ने “तुमसे बढ़कर दुनिया में”, राज चावला ने “पल पल दिल के पास”, हरीश गोस्वामी ने “छोटी सी ये दुनिया”, बेबी शर्मा ने “तेरे चेहरे में वो जादू है”, मीना अरोड़ा ने “हमें और जीने की चाहत ना होती”, डॉ. अंजु उपाध्याय ने “रात कली एक ख्वाब में आई” और प्रतीक शर्मा ने “खइके पान बनारस वाला” गीत प्रस्तुत कर माहौल को सुरमय बना दिया। सभी प्रस्तुतियों को दर्शकों ने भरपूर सराहा।

कार्यक्रम के दौरान उपस्थित संगीत प्रेमियों ने किशोर कुमार के व्यक्तित्व, उनकी बहुमुखी प्रतिभा और भारतीय संगीत जगत में उनके अमूल्य योगदान को याद करते हुए उन्हें श्रद्धासुमन अर्पित किए। देर शाम तक चले इस संगीतमय आयोजन में सुर, संगीत और यादों का अनूठा संगम देखने को मिला।

अंत में आयोजकों ने सभी अतिथियों, कलाकारों और संगीत प्रेमियों का आभार व्यक्त किया तथा भविष्य में भी ऐसे सांस्कृतिक एवं संगीतमय कार्यक्रम नियमित रूप से आयोजित करने का संकल्प दोहराया।