बरेली में भीषण सड़क हादसा: लखनऊ-दिल्ली हाईवे पर दो ट्रकों की आमने-सामने टक्कर, दोनों चालकों की मौत
- Advertisement -
बरेली में भीषण सड़क हादसा: लखनऊ-दिल्ली हाईवे पर दो ट्रकों की आमने-सामने टक्कर, दोनों चालकों की मौत
रिपोर्ट/आसिफ अली
- Advertisement -
बरेली। बरेली के बिथरी चैनपुर थाना क्षेत्र में लखनऊ-दिल्ली हाईवे पर बुधवार दोपहर एक दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। जीरो प्वाइंट के पास स्थित एक यूनिवर्सिटी के निकट दो ट्रकों की आमने-सामने हुई जोरदार भिड़ंत में दोनों ट्रक चालकों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि एक अन्य व्यक्ति गंभीर रूप से घायल हो गया। घायल को उपचार के लिए जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
हादसा इतना भीषण था कि टक्कर के बाद दोनों ट्रकों के अगले हिस्से पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गए। दोनों चालक ट्रकों की केबिन में बुरी तरह फंस गए। सूचना मिलते ही बिथरी चैनपुर थाना पुलिस, हाईवे पुलिस और प्रशासनिक अधिकारी मौके पर पहुंचे तथा स्थानीय लोगों की मदद से काफी मशक्कत के बाद फंसे लोगों को बाहर निकाला गया।
जानकारी के अनुसार, एक ट्रक सेब से लदा हुआ था, जबकि दूसरे ट्रक में बैटरियां भरी थीं। दुर्घटना के बाद हाईवे पर वाहनों की लंबी कतार लग गई और यातायात प्रभावित हो गया। बाद में पुलिस ने क्रेन की सहायता से दोनों क्षतिग्रस्त ट्रकों को सड़क से हटवाकर यातायात को सामान्य कराया।
पुलिस ने दोनों मृतकों के शव कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिए हैं। मृतकों की शिनाख्त और हादसे के वास्तविक कारणों की जांच की जा रही है। शुरुआती जांच में आमने-सामने की टक्कर को दुर्घटना का कारण माना जा रहा है, हालांकि पुलिस सभी पहलुओं को ध्यान में रखकर जांच कर रही है।
मौके पर क्षेत्राधिकारी हाईवे और बिथरी चैनपुर थाना पुलिस की टीम ने राहत एवं बचाव कार्य का निरीक्षण किया। पुलिस का कहना है कि जांच पूरी होने के बाद आगे की विधिक कार्रवाई की जाएगी।