बरेली में नियमित टीकाकरण कार्यक्रम में शामिल हुई एचपीवी वैक्सीन, अब हर बुधवार और शनिवार लगेगा मुफ्त टीका
- Advertisement -
बरेली में नियमित टीकाकरण कार्यक्रम में शामिल हुई एचपीवी वैक्सीन, अब हर बुधवार और शनिवार लगेगा मुफ्त टीका
- Advertisement -
रिपोर्ट/आसिफ अली
राज्यपाल आनंदीबेन पटेल ने किया शुभारंभ, 25,053 किशोरियों का टीकाकरण कर बरेली प्रदेश में पहले स्थान पर
बरेली, प्रदेश में किशोरियों को सर्वाइकल कैंसर जैसी गंभीर बीमारी से बचाने के लिए मंगलवार को एक बड़ा कदम उठाया गया। नियमित टीकाकरण (आरआई) कार्यक्रम में एचपीवी (ह्यूमन पैपिलोमा वायरस) वैक्सीन को शामिल कर दिया गया है। इसका शुभारंभ उत्तर प्रदेश की राज्यपाल आनंदीबेन पटेल ने ऑनलाइन माध्यम से किया।
महात्मा ज्योतिबा फुले रुहेलखंड विश्वविद्यालय में आयोजित कार्यक्रम के दौरान एचपीवी टीकाकरण शिविर भी लगाया गया, जिसमें 11 किशोरियों को वैक्सीन की खुराक दी गई।
अब हर बुधवार और शनिवार मिलेगा मुफ्त टीका
मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. विश्राम सिंह ने बताया कि एचपीवी टीकाकरण अप्रैल 2026 में तीन माह के विशेष अभियान के रूप में शुरू किया गया था। अब इसे नियमित टीकाकरण कार्यक्रम का हिस्सा बना दिया गया है। इसके तहत प्रत्येक बुधवार और शनिवार को आयोजित नियमित टीकाकरण सत्रों में 14 वर्ष तक की पात्र किशोरियों को निःशुल्क एचपीवी वैक्सीन की एक खुराक दी जाएगी।
25,053 किशोरियों का टीकाकरण, प्रदेश में बरेली सबसे आगे
सीएमओ के अनुसार मार्च 2026 से अब तक जिले में 25,053 किशोरियों का एचपीवी टीकाकरण किया जा चुका है। जिले का कुल लक्ष्य 55,336 किशोरियों का टीकाकरण है, जिसमें अब तक 45.3 प्रतिशत लक्ष्य हासिल कर लिया गया है। यह प्रदेश की औसत 27.7 प्रतिशत कवरेज से काफी अधिक है, जिससे बरेली टीकाकरण अभियान में प्रदेश में पहले स्थान पर पहुंच गया है।
नियमित टीकाकरण से छूटी किशोरियों को भी मिलेगा लाभ
स्वास्थ्य विभाग का कहना है कि एचपीवी वैक्सीन को नियमित टीकाकरण कार्यक्रम में शामिल किए जाने से अब किशोरियों को विशेष अभियान का इंतजार नहीं करना पड़ेगा। वर्षभर नियमित सत्रों में टीकाकरण उपलब्ध रहेगा, जिससे छूटी हुई लाभार्थियों को आसानी से कवर किया जा सकेगा और अधिक से अधिक किशोरियों को समय पर सुरक्षा मिल सकेगी।
कम कवरेज वाले ब्लॉकों पर रहेगा विशेष फोकस
जिला प्रतिरक्षण अधिकारी डॉ. प्रशांत रंजन ने बताया कि भदपुरा (24.1%), नवाबगंज (25.3%), बहेड़ी (25.5%), शेरगढ़ (26.0%) और बरेली अर्बन (31.9%) में टीकाकरण कवरेज जिले की औसत से कम है। इन क्षेत्रों में विशेष अभियान चलाकर टीकाकरण की रफ्तार बढ़ाई जाएगी।
नोडल अर्बन डॉ. अजमेर सिंह ने बताया कि शहरी क्षेत्रों में छूटी हुई किशोरियों की पहचान कर विशेष टीकाकरण सत्र आयोजित किए जाएंगे। इसके साथ ही स्कूल आधारित गतिविधियों और जनजागरूकता अभियान को भी तेज किया जाएगा।
सर्वाइकल कैंसर से बचाव का प्रभावी और सुरक्षित उपाय स्वास्थ्य विशेषज्ञों के अनुसार एचपीवी संक्रमण सर्वाइकल कैंसर का प्रमुख कारण है। 14 वर्ष तक की किशोरियों के लिए एचपीवी टीकाकरण इस बीमारी से बचाव का प्रभावी, सुरक्षित और वैज्ञानिक रूप से प्रमाणित उपाय है। माहवारी के दौरान भी यह टीका सुरक्षित रूप से लगाया जा सकता है और सामान्य सर्दी-जुकाम या हल्के बुखार की स्थिति में भी चिकित्सकीय सलाह के अनुसार टीकाकरण कराया जा सकता है।
अभिभावकों से समय पर टीकाकरण कराने की अपील मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. विश्राम सिंह ने सभी अभिभावकों से अपील की है कि वे अपनी पात्र बेटियों का समय पर एचपीवी टीकाकरण कराकर उन्हें भविष्य में सर्वाइकल कैंसर जैसी गंभीर बीमारी से सुरक्षित रखने में सहयोग करें।
31 अगस्त तक शत-प्रतिशत टीकाकरण का लक्ष्य
राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन (एनएचएम) की मिशन निदेशक डॉ. पिंकी जोवेल ने निर्देश दिए हैं कि 31 अगस्त 2026 तक 14 वर्ष की आयु पूरी कर चुकी सभी पात्र किशोरियों का शत-प्रतिशत एचपीवी टीकाकरण सुनिश्चित किया जाए।
इसके लिए आशा कार्यकर्ता, सीएचओ और एएनएम द्वारा सर्वे कर पात्र किशोरियों की लाइन लिस्ट तैयार की जाएगी। 5 से 10 अगस्त के बीच सभी लाभार्थियों का यू-विन पोर्टल पर प्री-रजिस्ट्रेशन कराया जाएगा। साथ ही प्रत्येक ब्लॉक में टीकाकरण की दैनिक समीक्षा, सतत मॉनिटरिंग और नियमित प्रगति रिपोर्ट भेजने के निर्देश भी जारी किए गए हैं।
