पीलीभीत में 10 हजार की रिश्वत लेते राजस्व निरीक्षक गिरफ्तार, बरेली एंटी करप्शन टीम की कार्रवाई
- Advertisement -
पीलीभीत में 10 हजार की रिश्वत लेते राजस्व निरीक्षक गिरफ्तार, बरेली एंटी करप्शन टीम की कार्रवाई
रिपोर्ट/आसिफ अली
- Advertisement -
बरेली/पीलीभीत। उत्तर प्रदेश सरकार की भ्रष्टाचार के खिलाफ जीरो टॉलरेंस नीति के तहत भ्रष्टाचार निवारण संगठन (एंटी करप्शन), बरेली मंडल की ट्रैप टीम ने पीलीभीत जिले की बीसलपुर तहसील में तैनात राजस्व निरीक्षक हरिसान सिंह को 10 हजार रुपये की रिश्वत लेते हुए रंगे हाथ गिरफ्तार किया। आरोपी के खिलाफ भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम की संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है।
शिकायतकर्ता रिंकू गंगवार ने आरोप लगाया था कि राजस्व संबंधी कार्य कराने के बदले राजस्व निरीक्षक 10 हजार रुपये की रिश्वत मांग रहा था। शिकायत का सत्यापन करने के बाद एंटी करप्शन टीम ने योजनाबद्ध तरीके से मंगलवार दोपहर करीब 3:10 बजे बीसलपुर चौराहे पर जाल बिछाया और आरोपी को रिश्वत लेते हुए मौके पर ही पकड़ लिया।
यह कार्रवाई ट्रैप टीम प्रभारी निरीक्षक प्रवीण सांच्याल के नेतृत्व में की गई। गिरफ्तारी के बाद आरोपी को पीलीभीत के सुनगढ़ी थाने ले जाया गया, जहां उसके खिलाफ भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम की धाराओं में मुकदमा दर्ज किया गया।
भ्रष्टाचार निवारण संगठन, बरेली मंडल ने नागरिकों से अपील की है कि यदि कोई सरकारी अधिकारी या कर्मचारी किसी कार्य के बदले रिश्वत की मांग करता है तो उसकी सूचना तत्काल विभाग को दें। शिकायत मिलने पर गोपनीय जांच के बाद नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।