बरेली पुलिस लाइन स्थित जोनल कमांड एंड कंट्रोल सेंटर से कांवड़ यात्रा और शिवालयों की सुरक्षा व्यवस्था का उच्च अधिकारियों ने लिया जायजा
- Advertisement -
- Advertisement -
बरेली पुलिस लाइन स्थित जोनल कमांड एंड कंट्रोल सेंटर से कांवड़ यात्रा और शिवालयों की सुरक्षा व्यवस्था का उच्च अधिकारियों ने लिया जायजा
रिपोर्ट/आसिफ अली
ADG अमित शर्मा, कमिश्नर, DIG, डीएम और SSP ने सुरक्षा व्यवस्थाओं की समीक्षा कर दिए आवश्यक दिशा-निर्देश
बरेली। सावन माह और कांवड़ यात्रा को सकुशल एवं शांतिपूर्ण संपन्न कराने के उद्देश्य से बरेली पुलिस लाइन स्थित जोनल कमांड एंड कंट्रोल सेंटर में सोमवार को उच्च स्तरीय समीक्षा बैठक और निरीक्षण किया गया। इस दौरान ADG बरेली जोन अमित शर्मा, बरेली मंडल के कमिश्नर, DIG बरेली रेंज अजय कुमार साहनी, जिलाधिकारी अविनाश सिंह, वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक अनुराग आर्य सहित पुलिस और प्रशासन के कई वरिष्ठ अधिकारियों ने सुरक्षा व्यवस्था का विस्तृत जायजा लिया।
निरीक्षण के दौरान अधिकारियों ने कमांड एंड कंट्रोल सेंटर में स्थापित अत्याधुनिक निगरानी प्रणाली, सीसीटीवी कैमरों की लाइव मॉनिटरिंग, विभिन्न जिलों से प्राप्त हो रहे फीडबैक तथा सुरक्षा प्रबंधन की समीक्षा की। अधिकारियों ने संबंधित अधिकारियों एवं कर्मचारियों को स्पष्ट निर्देश दिए कि कांवड़ यात्रा के दौरान किसी भी प्रकार की लापरवाही स्वीकार नहीं की जाएगी और प्रत्येक गतिविधि पर लगातार नजर रखी जाए।
9 जिलों की गतिविधियों पर रखी जा रही है 24 घंटे निगरानी जोनल कमांड एंड कंट्रोल सेंटर से बरेली और मुरादाबाद परिक्षेत्र के कुल 9 जिलों की सुरक्षा व्यवस्था पर लगातार नजर रखी जा रही है।
यहां से प्रमुख कांवड़ मार्गों, शिवालयों, भीड़भाड़ वाले स्थानों और संवेदनशील इलाकों की लाइव मॉनिटरिंग की जा रही है। किसी भी आपात स्थिति की सूचना मिलते ही संबंधित जिले की पुलिस और प्रशासन को तत्काल अलर्ट भेजा जा रहा है, ताकि समय रहते आवश्यक कार्रवाई की जा सके।
सीसीटीवी कैमरों और तकनीक के जरिए हो रही निगरानी निरीक्षण के दौरान अधिकारियों ने कंट्रोल सेंटर में लगे बड़े डिजिटल स्क्रीन, हाई-रिजॉल्यूशन सीसीटीवी कैमरों, संचार व्यवस्था और आपदा प्रतिक्रिया प्रणाली का भी परीक्षण किया।
अधिकारियों ने निर्देश दिए कि सभी कैमरे लगातार सक्रिय रहें और किसी भी संदिग्ध गतिविधि पर तुरंत संबंधित जिले को सूचित किया जाए।
उन्होंने कहा कि तकनीक के बेहतर उपयोग से सुरक्षा व्यवस्था और अधिक प्रभावी बनाई जा सकती है तथा कांवड़ यात्रा के दौरान श्रद्धालुओं की सुरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता है।
शिवालयों और कांवड़ मार्गों पर विशेष सतर्कता के निर्देश बैठक में अधिकारियों ने निर्देश दिए कि प्रमुख शिव मंदिरों, कांवड़ मार्गों, जलाभिषेक स्थलों और भीड़भाड़ वाले क्षेत्रों में अतिरिक्त पुलिस बल तैनात रखा जाए। यातायात व्यवस्था को सुचारु बनाए रखने, आपातकालीन सेवाओं को निर्बाध संचालित रखने तथा किसी भी अफवाह या भ्रामक सूचना पर तत्काल कार्रवाई करने के निर्देश भी दिए गए।
इसके साथ ही सोशल मीडिया की निगरानी बढ़ाने, संवेदनशील स्थानों पर विशेष सतर्कता बरतने और कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए सभी जिलों को अलर्ट मोड में रहने के निर्देश दिए गए।
अधिकारियों ने दिए आवश्यक दिशा-निर्देश
निरीक्षण के दौरान अधिकारियों ने कंट्रोल सेंटर में तैनात पुलिसकर्मियों से संवाद कर उनकी कार्यप्रणाली की जानकारी ली। उन्होंने कहा कि कांवड़ यात्रा के दौरान श्रद्धालुओं की सुरक्षा, सुगम यातायात और शांतिपूर्ण वातावरण बनाए रखना प्रशासन की सर्वोच्च जिम्मेदारी है। सभी अधिकारी और कर्मचारी पूरी सतर्कता के साथ अपने दायित्वों का निर्वहन करें तथा किसी भी स्थिति में त्वरित प्रतिक्रिया सुनिश्चित करें।
प्रशासन का कहना है कि आधुनिक तकनीक और बेहतर समन्वय के माध्यम से पूरे जोन में सुरक्षा व्यवस्था को मजबूत बनाया गया है, जिससे कांवड़ यात्रा शांतिपूर्ण, सुरक्षित और व्यवस्थित ढंग से संपन्न कराई जा सके।
