दरगाह आला हज़रत पहुंचे प्रशासनिक अधिकारी, उर्स-ए-रज़वी की तैयारियों का लिया जायजा

0 13

- Advertisement -

दरगाह आला हज़रत पहुंचे प्रशासनिक अधिकारी, उर्स-ए-रज़वी की तैयारियों का लिया जायजा

रिपोर्ट/आसिफ अली

- Advertisement -

अहसन मियां ने की एक पौधा लगाने की अपील
बरेलीआगामी उर्स-ए-रज़वी की तैयारियों को लेकर सोमवार को प्रशासनिक अधिकारियों ने दरगाह आला हज़रत और उर्स स्थल इस्लामिया मैदान का निरीक्षण किया। अधिकारियों ने दरगाह प्रबंधन के साथ बैठक कर सुरक्षा, साफ-सफाई, यातायात, श्रद्धालुओं की सुविधाओं और अन्य व्यवस्थाओं की समीक्षा की। इस दौरान दरगाह परिसर और उर्स स्थल पर पौधारोपण एवं पौधों का वितरण भी किया गया।

निरीक्षण के दौरान अपर जिलाधिकारी (नगर) अविनाश त्रिपाठी, पुलिस अधीक्षक (नगर) मानुष पारिख और सीओ प्रथम समेत अन्य अधिकारियों ने सबसे पहले दरगाह प्रमुख हज़रत मौलाना सुब्हान रज़ा खान (सुब्हानी मियां) से मुलाकात की। बैठक में उर्स-ए-रज़वी से जुड़े विभिन्न महत्वपूर्ण बिंदुओं पर चर्चा की गई और आयोजन की तैयारियों का जायजा लिया गया।

दरगाह प्रबंधन के अनुसार उर्स को लेकर व्यापक स्तर पर तैयारियां की जा रही हैं। इस्लामिया मैदान स्थित उर्स स्थल पर दरगाह इंतेजामिया और नगर निगम अपने-अपने स्तर पर व्यवस्थाओं को अंतिम रूप देने में जुटे हैं। निरीक्षण के दौरान हाजी जावेद खान, परवेज़ नूरी, औरंगजेब नूरी, ताहिर अल्वी और अजमल नूरी सहित अन्य लोग मौजूद रहे।
वहीं टीटीएस के मंज़ूर रज़ा, यूनुस गद्दी और नईम नूरी ने उर्स में आने वाले जायरीन के ठहरने की व्यवस्था वाले स्कूलों और लंगर स्थलों का निरीक्षण कर व्यवस्थाओं का जायजा लिया।

उर्स के साथ सामाजिक सरोकारों पर भी जोर
दरगाह के मीडिया प्रभारी नासिर कुरैशी ने बताया कि सज्जादानशीन मुफ्ती अहसन मियां की अपील पर उर्स-ए-रज़वी के अवसर पर धार्मिक आयोजनों के साथ सामाजिक गतिविधियां भी संचालित की जा रही हैं। स्वास्थ्य शिविरों के आयोजन के साथ-साथ पौधारोपण और पौधों के वितरण का अभियान भी चलाया जा रहा है।

“हर व्यक्ति एक पौधा जरूर लगाए” : मुफ्ती अहसन मियां
मुफ्ती अहसन मियां ने लोगों से पर्यावरण संरक्षण का संदेश देते हुए कहा कि इस्लाम केवल इबादत का नहीं बल्कि बेहतर जीवन जीने का भी तरीका सिखाता है। उन्होंने कहा कि पौधे लगाना भी सुन्नत है और पैगंबर हजरत मोहम्मद ने स्वयं मदीना शरीफ में खजूर के पेड़ लगाए थे।

उन्होंने अपील की कि उर्स-ए-रज़वी के मुबारक अवसर पर हर व्यक्ति आला हज़रत के नाम से कम से कम एक पौधा अवश्य लगाए और इस अभियान को ईद मिलादुन्नबी तक जारी रखे। उन्होंने कहा कि छायादार और फलदार पेड़ लगाने चाहिए तथा पौधा लगाने के बाद उसकी देखभाल की जिम्मेदारी भी निभानी चाहिए, ताकि वह बड़ा होकर पर्यावरण और समाज दोनों के लिए लाभदायक बन सके।
दरगाह और इस्लामिया मैदान में हुआ पौधारोपण
अभियान के तहत दरगाह आला हज़रत और उर्स स्थल इस्लामिया मैदान में पौधारोपण के साथ लोगों को पौधे भी वितरित किए गए। इस कार्यक्रम में ताहिर अल्वी, नासिर कुरैशी, मंज़ूर रज़ा, साजिद रज़ा, नईम नूरी, अब्दुल अहद, शाद रज़ा, अरवाज़ रज़ा और हाजी शकील सहित कई लोग शामिल रहे।

उर्स-ए-रज़वी के मद्देनज़र प्रशासन और दरगाह प्रबंधन की ओर से सुरक्षा, स्वच्छता, आवास, लंगर और अन्य आवश्यक व्यवस्थाओं को समय रहते पूरा करने की दिशा में लगातार कार्य किया जा रहा है, ताकि देश-विदेश से आने वाले जायरीन को किसी प्रकार की असुविधा का सामना न करना पड़े।