बरेली कॉलेज में सपा छात्र सभा का धरना, खेल मैदान और आजाद हॉस्टल को लेकर प्रदर्शन

0 1

- Advertisement -

बरेली कॉलेज में सपा छात्र सभा का धरना, खेल मैदान और आजाद हॉस्टल को लेकर प्रदर्शन

रिपोर्ट/आसिफ अली

- Advertisement -

बरेली। बरेली कॉलेज में सोमवार को समाजवादी छात्र सभा के कार्यकर्ताओं और छात्रों ने अपनी विभिन्न मांगों को लेकर धरना-प्रदर्शन किया। इस दौरान छात्रों ने कॉलेज परिसर में नारेबाजी करते हुए खेल मैदान की बदहाल स्थिति, आजाद हॉस्टल को दोबारा शुरू करने और क्रांतिकारी चंद्रशेखर आजाद की प्रतिमा से जुड़े मुद्दों पर प्रशासन का ध्यान आकर्षित किया।

धरने में शामिल छात्रों का आरोप था कि कॉलेज परिसर में लगातार होने वाले सरकारी और राजनीतिक कार्यक्रमों की वजह से खेल मैदान पूरी तरह खराब हो गया है। उनका कहना है कि मैदान की स्थिति ऐसी हो गई है कि छात्र नियमित रूप से खेल गतिविधियां नहीं कर पा रहे हैं। छात्रों ने मांग की कि मैदान को जल्द दुरुस्त कराया जाए ताकि खेलकूद की गतिविधियां सामान्य रूप से शुरू हो सकें।

समाजवादी छात्र सभा के महानगर अध्यक्ष विक्रांत पाल ने कहा कि इस संबंध में पहले भी कॉलेज प्रशासन को कई बार ज्ञापन दिए जा चुके हैं, लेकिन अब तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई। उन्होंने बताया कि वर्षों से बंद पड़े आजाद हॉस्टल की इमारत जर्जर होती जा रही है और हॉस्टल परिसर में स्थापित क्रांतिकारी चंद्रशेखर आजाद की प्रतिमा भी बंद परिसर के भीतर ताले में कैद है। छात्रों की मांग है कि या तो हॉस्टल की मरम्मत कर उसे दोबारा शुरू किया जाए या प्रतिमा को सार्वजनिक स्थान पर स्थापित किया जाए।

धरने को समर्थन देते हुए समाजवादी छात्र सभा के एमजेपीआरयू के पूर्व अध्यक्ष शिवप्रताप सिंह यादव ने आरोप लगाया कि प्रदेश के कई शिक्षण संस्थानों में शैक्षणिक गतिविधियों की अपेक्षा राजनीतिक कार्यक्रम अधिक आयोजित किए जा रहे हैं। उनका कहना था कि इससे विद्यार्थियों के हित प्रभावित हो रहे हैं और कॉलेजों का मूल उद्देश्य पीछे छूटता जा रहा है।

युवा जनसभा के महानगर अध्यक्ष दीपक यादव ने कहा कि बड़े कार्यक्रमों के बाद खेल मैदान की मरम्मत और रखरखाव की जिम्मेदारी तय होनी चाहिए। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि छात्रों की मांगों पर शीघ्र कार्रवाई नहीं हुई तो आंदोलन को और तेज किया जाएगा तथा भूख हड़ताल सहित अन्य लोकतांत्रिक और संवैधानिक तरीके से विरोध प्रदर्शन किए जाएंगे।
धरने में शामिल रवि पंडित ने कहा कि बरेली कॉलेज एक ऐतिहासिक शिक्षण संस्थान है, जहां से अनेक छात्र उच्च पदों तक पहुंचे हैं। उनका आरोप था कि कॉलेज का छात्रावास लंबे समय से बंद पड़ा है और बार-बार ज्ञापन देने के बावजूद प्रशासन ने अब तक कोई प्रभावी कदम नहीं उठाया है।

छात्रों ने कॉलेज प्रशासन से खेल मैदान की तत्काल मरम्मत, आजाद हॉस्टल के पुनरुद्धार और छात्र हितों से जुड़े लंबित मामलों का जल्द समाधान करने की मांग की है। वहीं, उन्होंने स्पष्ट किया कि यदि उनकी मांगों की अनदेखी की गई तो आंदोलन को आगामी दिनों में और व्यापक रूप दिया जाएगा।