बरेली आने से पहले पैसेंजर ट्रेन के इंजन में लगी आग, लोको पायलट की सूझबूझ से टला बड़ा हादसा
- Advertisement -
बरेली आने से पहले पैसेंजर ट्रेन के इंजन में लगी आग, लोको पायलट की सूझबूझ से टला बड़ा हादसा
रिपोर्ट/आसिफ अली
- Advertisement -
बरेली। कासगंज से बरेली आ रही पैसेंजर ट्रेन सोमवार सुबह बरेली पहुंचने से पहले हादसे का शिकार होने से बाल-बाल बच गई। बदायूं जिले के बिनावर क्षेत्र में मालगांव हाल्ट के पास ट्रेन के इंजन में अचानक आग लग गई। इंजन से धुआं उठता देख लोको पायलट ने तत्काल इमरजेंसी ब्रेक लगाकर ट्रेन रोक दी, जिससे बड़ा रेल हादसा टल गया।
ट्रेन रुकते ही इंजन से आग की लपटें उठने लगीं। यह देखकर यात्रियों में अफरा-तफरी मच गई और लोग जल्दबाजी में बोगियों से उतरकर सुरक्षित स्थानों की ओर चले गए। गनीमत रही कि इस घटना में कोई यात्री घायल नहीं हुआ।
घटना की सूचना मिलते ही रेलवे कंट्रोल को अलर्ट किया गया। इसके बाद रेलवे के अधिकारी और तकनीकी टीम मौके पर पहुंची और इंजन में लगी आग पर काबू पाने के साथ जांच शुरू की। अधिकारियों के अनुसार आग लगने के कारणों का पता लगाया जा रहा है। फिलहाल तकनीकी खराबी समेत सभी संभावित कारणों की जांच की जा रही है।
घटना के कारण बरेली रेलखंड पर कुछ समय तक रेल संचालन प्रभावित रहा। सुरक्षा की दृष्टि से कई ट्रेनों को रास्ते में रोकना पड़ा, जिससे यात्रियों को देरी का सामना करना पड़ा। रेलवे अधिकारियों का कहना है कि जांच पूरी होने के बाद ही आग लगने की वास्तविक वजह स्पष्ट हो सकेगी।