बाबू बनवारी लाल अग्रवाल बहुउद्देशीय भवन का लोकार्पण

0 11

- Advertisement -

बाबू बनवारी लाल अग्रवाल बहुउद्देशीय भवन का लोकार्पण

रिपोर्ट/आसिफ अली

- Advertisement -

बरेली। गुलाबराय मॉण्टेसरी स्कूल में रविवार को नवनिर्मित “बाबू बनवारी लाल अग्रवाल बहुउद्देशीय भवन” का भव्य लोकार्पण झारखंड के राज्यपाल संतोष कुमार गंगवार ने किया। समारोह में विद्यालय परिवार, जनप्रतिनिधियों, शिक्षाविदों, अभिभावकों और शहर के अनेक गणमान्य नागरिकों की उपस्थिति रही।

कार्यक्रम का शुभारंभ राष्ट्रगान, दीप प्रज्ज्वलन और प्रतिमा अनावरण के साथ हुआ। इसके बाद मुख्य अतिथि और विशिष्ट अतिथियों का पुष्पगुच्छ एवं शॉल ओढ़ाकर स्वागत किया गया। विद्यालय की छात्राओं ने स्वागत प्रार्थना नृत्य प्रस्तुत किया, जबकि स्वागत भाषण में विद्यालय की उपलब्धियों और भविष्य की योजनाओं पर प्रकाश डाला गया।

सांस्कृतिक कार्यक्रमों में विद्यार्थियों ने स्वागत गीत, रेट्रो मैशअप, राजस्थानी लोकनृत्य, प्रेरणादायी वीडियो प्रस्तुति और शिव स्तुति प्रस्तुत कर सभी का मन मोह लिया। विद्यार्थियों की आकर्षक प्रस्तुतियों पर सभागार तालियों की गूंज से भर उठा।

अपने संबोधन में राज्यपाल संतोष कुमार गंगवार ने कहा कि आधुनिक शिक्षा के साथ संस्कार और नैतिक मूल्यों का समावेश विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास के लिए आवश्यक है। उन्होंने विद्यालय की शैक्षणिक गतिविधियों की सराहना करते हुए कहा कि नया बहुउद्देशीय भवन विद्यार्थियों की प्रतिभा को नई दिशा देने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा।
कार्यक्रम के दौरान पुस्तक का विमोचन भी किया गया तथा विशिष्ट अतिथियों को स्मृति चिन्ह देकर सम्मानित किया गया। अंत में विद्यालय के प्रबंधक डॉ. राजेश अग्रवाल ‘जॉली’ ने सभी अतिथियों का आभार व्यक्त किया। समारोह का समापन राष्ट्रगान के साथ हुआ।

इस अवसर पर विद्यालय की चेयरपर्सन उषा रानी अग्रवाल, अध्यक्ष रवि अग्रवाल, प्रबंधक डॉ. राजेश अग्रवाल ‘जॉली’, निदेशक त्रिजित अग्रवाल, कैंट विधायक संजीव अग्रवाल, बिथरी चैनपुर विधायक डॉ. राघवेंद्र शर्मा सहित अनेक गणमान्य अतिथि मौजूद रहे। सभी ने विद्यालय परिवार को नई उपलब्धि के लिए शुभकामनाएं देते हुए विद्यार्थियों के उज्ज्वल भविष्य की कामना की।