प्रतिबंधित चाइनीज मांझा,बना कहर किला पुल पर बिजलीकर्मी का चेहरा लहूलुहान हुआ

0 10

- Advertisement -

प्रतिबंधित चाइनीज मांझा,बना कहर किला पुल पर बिजलीकर्मी का चेहरा लहूलुहान हुआ

रिपोर्ट/आसिफ अली

- Advertisement -

बरेली। शहर में प्रतिबंधित चाइनीज मांझा लगातार लोगों की जान पर भारी पड़ रहा है। प्रशासनिक सख्ती के दावों के बावजूद खुलेआम बिक रहा यह जानलेवा मांझा अब एक और हादसे की वजह बन गया। शुक्रवार शाम किला पुल पर बाइक से घर लौट रहे विद्युत विभाग के एक कर्मचारी का चेहरा चाइनीज मांझे की चपेट में आ गया, जिससे उनके चेहरे पर गंभीर चोटें आईं।

जानकारी के अनुसार, सुभाषनगर थाना क्षेत्र के करेली गांव निवासी सोहिल कमाल फतेहगंज पश्चिमी स्थित विद्युत विभाग के एसडीओ कार्यालय में तैनात हैं। ड्यूटी समाप्त करने के बाद वह बाइक से अपने घर लौट रहे थे। जैसे ही वह किला पुल के पास पहुंचे, सड़क पर लटका चाइनीज मांझा अचानक उनके चेहरे से टकरा गया। धारदार मांझे ने चेहरे को कई जगह काट दिया और वह दर्द से तड़प उठे।

हादसे के बाद आसपास मौजूद लोगों ने तुरंत उनकी मदद की। प्राथमिक उपचार कराने के बाद उन्हें सुरक्षित घर भेजा गया। गनीमत रही कि मांझा गर्दन पर नहीं लगा, अन्यथा बड़ा हादसा हो सकता था।
शहर में यह कोई पहली घटना नहीं है। कुछ दिन पहले महादेव पुल पर एक छात्र की गर्दन चाइनीज मांझे से कट गई थी, जबकि इससे पहले प्रदेश सरकार के गन्ना राज्यमंत्री संजय गंगवार के भतीजे भी इसी जानलेवा मांझे की चपेट में आकर घायल हो चुके हैं। लगातार हो रहे हादसों के बावजूद प्रतिबंधित चाइनीज मांझे की बिक्री पर प्रभावी रोक नहीं लग सकी है।

लगातार सामने आ रही घटनाओं ने प्रशासन की कार्रवाई पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। शहरवासियों का कहना है कि जब चाइनीज मांझे पर प्रतिबंध लागू है तो फिर इसकी खुलेआम बिक्री कैसे हो रही है। लोगों ने प्रशासन से अभियान चलाकर इसकी बिक्री पर सख्ती से रोक लगाने और दोषियों के खिलाफ कठोर कार्रवाई की मांग की है, ताकि किसी और की जान खतरे में न पड़े।