बरेली में झमाझम बारिश से मौसम सुहाना, गर्मी-उमस से मिली राहत

0 4

- Advertisement -

बरेली में झमाझम बारिश से मौसम सुहाना, गर्मी-उमस से मिली राहत

रिपोर्ट/आसिफ अली

- Advertisement -

बरेली। शनिवार सुबह मौसम ने अचानक करवट लेते हुए शहरवासियों को भीषण गर्मी और उमस से बड़ी राहत दी। सुबह करीब छह बजे शुरू हुई बारिश कुछ ही देर में तेज हो गई और साढ़े छह बजे तक शहर के अधिकांश हिस्सों में झमाझम बारिश होने लगी। बारिश के साथ चली ठंडी हवाओं से मौसम पूरी तरह बदल गया और लोगों ने राहत की सांस ली।

मौसम विभाग के अनुसार शनिवार को दिनभर रुक-रुक कर बारिश होने की संभावना है। अधिकतम तापमान 32 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 28 डिग्री सेल्सियस रहने का अनुमान है। वहीं करीब 35 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से चलने वाली हवाएं मौसम को और अधिक सुहावना बनाए रखेंगी।

सुबह हुई तेज बारिश का असर शहर की दिनचर्या पर भी देखने को मिला। कई प्रमुख सड़कों पर हल्का जलभराव होने से वाहन चालकों को धीमी गति से सफर करना पड़ा। हालांकि लगातार बारिश से पिछले कई दिनों से लोगों को परेशान कर रही चिपचिपी गर्मी और उमस काफी हद तक समाप्त हो गई।

भारी बारिश को देखते हुए शहर के कई निजी विद्यालयों ने छात्रों की सुरक्षा के मद्देनजर अवकाश घोषित कर दिया। बरेली पुलिस मॉडर्न स्कूल सहित कई स्कूलों ने अभिभावकों को संदेश भेजकर बच्चों को स्कूल न भेजने की सलाह दी, जिससे विद्यार्थियों और अभिभावकों को राहत मिली।

जुलाई के शुरुआती दिनों में अच्छी बारिश के बाद मानसून कमजोर पड़ गया था। लगातार बारिश नहीं होने से तापमान बढ़ रहा था और उमस के कारण लोगों का जनजीवन प्रभावित हो रहा था। बारिश की कमी से बिजली की खपत भी लगातार बढ़ रही थी।

बीते कुछ दिनों में गर्मी और उमस के कारण जिला अस्पताल और निजी अस्पतालों में त्वचा रोग, फंगल संक्रमण, घमौरियां और डिहाइड्रेशन के मरीजों की संख्या बढ़ गई थी। चिकित्सक लगातार लोगों को धूप से बचने और पर्याप्त पानी पीने की सलाह दे रहे थे। शनिवार की बारिश के बाद मौसम में आई ठंडक से स्वास्थ्य संबंधी समस्याओं में भी राहत मिलने की उम्मीद है।

सावन माह और कांवड़ यात्रा के बीच हुई यह बारिश कांवड़ियों के लिए भी राहत लेकर आई है। बड़ी संख्या में श्रद्धालु कछला घाट, ब्रजघाट और हरिद्वार से गंगाजल लेने के लिए रवाना हो रहे हैं। ठंडा मौसम और बारिश पैदल यात्रा करने वाले कांवड़ियों के लिए अनुकूल मानी जा रही है।

हालांकि प्रशासन ने बारिश के दौरान फिसलन और जलभराव वाले स्थानों पर विशेष सावधानी बरतने की अपील की है।