जंतर-मंतर लाठीचार्ज के विरोध में अपना दल कमेरावादी का धरना, राष्ट्रपति के नाम सौंपा ज्ञापन
- Advertisement -
जंतर-मंतर लाठीचार्ज के विरोध में अपना दल कमेरावादी का धरना, राष्ट्रपति के नाम सौंपा ज्ञापन
रिपोर्ट/आसिफ अली
- Advertisement -
बरेली। राजधानी दिल्ली के जंतर-मंतर पर प्रदर्शन कर रहे छात्र-छात्राओं पर कथित लाठीचार्ज के विरोध में शनिवार को अपना दल (कमेरावादी) ने जिला मुख्यालय बरेली पर एक दिवसीय धरना-प्रदर्शन आयोजित किया। इसके बाद कार्यकर्ताओं ने जिलाधिकारी के माध्यम से महामहिम राष्ट्रपति के नाम संबोधित ज्ञापन सौंपकर विभिन्न मांगों को उठाया।
धरने का नेतृत्व जिलाध्यक्ष सुभाष पटेल ने किया। इस दौरान पार्टी पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं ने छात्र-छात्राओं के समर्थन में नारेबाजी करते हुए घटना की कड़ी निंदा की। ज्ञापन में कहा गया कि जंतर-मंतर पर प्रदर्शन कर रहे छात्रों के साथ हुई कथित पुलिस कार्रवाई लोकतांत्रिक अधिकारों का हनन है और इसकी निष्पक्ष जांच कर दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जानी चाहिए।
ज्ञापन में मांग की गई कि लाठीचार्ज में घायल हुए छात्र-छात्राओं को तत्काल बेहतर चिकित्सा सुविधा और उचित मुआवजा उपलब्ध कराया जाए। साथ ही जिन पुलिस अधिकारियों और कर्मचारियों पर छात्रों के साथ दुर्व्यवहार, लाठीचार्ज और कथित बर्बरता के आरोप हैं, उनके विरुद्ध कठोर कार्रवाई करते हुए उन्हें सेवा से बर्खास्त किया जाए।
अपना दल (कमेरावादी) ने यह भी मांग की कि जंतर-मंतर पर धरना दे रहे छात्र-छात्राओं तक समाजसेवियों द्वारा भेजी जा रही खाद्य सामग्री और अन्य आवश्यक वस्तुओं को बिना किसी बाधा के पहुंचाने की व्यवस्था की जाए। पार्टी ने केंद्र सरकार से छात्रों के प्रतिनिधियों के साथ शीघ्र संवाद स्थापित कर उनकी समस्याओं का समाधान करने की अपील की।
ज्ञापन में यह भी कहा गया कि प्रदर्शन के दौरान गिरफ्तार किए गए छात्र-छात्राओं को तत्काल रिहा किया जाए तथा उनके खिलाफ दर्ज मुकदमे वापस लिए जाएं।
धरना-प्रदर्शन में प्रदेश महासचिव (विधि मंच) गजेन्द्र पटेल एडवोकेट सहित गौरव, शिवा, विक्की, कपिल, सौरव और पार्टी के अन्य पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता उपस्थित रहे।