दिल्ली जंतर-मंतर लाठीचार्ज के विरोध में भीम आर्मी का बड़ा प्रदर्शन, राष्ट्रपति के नाम भेजा ज्ञापन

0 17

- Advertisement -

दिल्ली जंतर-मंतर लाठीचार्ज के विरोध में भीम आर्मी का बड़ा प्रदर्शन, राष्ट्रपति के नाम भेजा ज्ञापन

रिपोर्ट/आसिफ अली

- Advertisement -

बरेली। देशभर में लगातार सामने आ रहे पेपर लीक, भर्ती घोटालों और नई दिल्ली के जंतर-मंतर पर प्रदर्शन कर रहे अभ्यर्थियों पर कथित लाठीचार्ज के विरोध में शनिवार को बरेली में भीम आर्मी भारत एकता मिशन के नेतृत्व में जोरदार विरोध-प्रदर्शन किया गया।

दामोदर पार्क में आयोजित धरने के बाद बड़ी संख्या में कार्यकर्ताओं और युवाओं ने कलेक्ट्रेट तक पैदल मार्च निकालकर राष्ट्रपति के नाम संबोधित ज्ञापन सिटी मजिस्ट्रेट को सौंपा। प्रदर्शन के दौरान पुलिस प्रशासन पूरी तरह अलर्ट रहा और सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए गए।

दामोदर पार्क से कलेक्ट्रेट तक गूंजे नारे
धरना समाप्त होने के बाद प्रदर्शनकारी हाथों में तख्तियां और बैनर लेकर दामोदर पार्क से कलेक्ट्रेट तक पैदल मार्च करते हुए पहुंचे। पूरे रास्ते युवाओं ने पेपर लीक, भर्ती घोटालों और छात्रों पर हुई कार्रवाई के खिलाफ नारेबाजी की। कलेक्ट्रेट पहुंचने पर सिटी मजिस्ट्रेट के माध्यम से राष्ट्रपति के नाम ज्ञापन सौंपा गया। प्रदर्शन में विभिन्न सामाजिक और राजनीतिक संगठनों के प्रतिनिधियों ने भी भाग लिया।

पेपर लीक से युवाओं का भविष्य खतरे में होने का आरोप ज्ञापन में कहा गया कि NEET, JEE, रेलवे, SSC, शिक्षक भर्ती, पुलिस भर्ती सहित कई महत्वपूर्ण परीक्षाओं में लगातार पेपर लीक और भर्ती घोटालों ने लाखों-करोड़ों युवाओं के भविष्य को संकट में डाल दिया है। प्रदर्शनकारियों का कहना था कि वर्षों की मेहनत के बाद भी अभ्यर्थियों को पारदर्शी परीक्षा प्रणाली नहीं मिल रही, जिससे युवाओं का भरोसा लगातार कमजोर हो रहा है।

जंतर-मंतर लाठीचार्ज की निष्पक्ष जांच की मांग
प्रदर्शनकारियों ने नई दिल्ली के जंतर-मंतर पर प्रदर्शन कर रहे छात्रों और अभ्यर्थियों पर हुए कथित लाठीचार्ज की उच्चस्तरीय न्यायिक या स्वतंत्र एजेंसी से निष्पक्ष जांच कराने की मांग की। साथ ही जिम्मेदार अधिकारियों के खिलाफ कार्रवाई करने और आंदोलन से जुड़े छात्रों पर दर्ज मामलों को वापस लेने की भी मांग उठाई।

परीक्षा प्रणाली में बड़े सुधार की उठी मांग
ज्ञापन में केंद्र सरकार से परीक्षा प्रणाली को पूरी तरह पारदर्शी और तकनीकी रूप से सुरक्षित बनाने की मांग की गई। साथ ही राष्ट्रीय और राज्य स्तर पर समयबद्ध भर्ती कैलेंडर जारी करने, उत्तर पुस्तिकाएं, उत्तर कुंजी और स्कोर कार्ड उपलब्ध कराने, नॉर्मलाइजेशन व्यवस्था की समीक्षा करने तथा भर्ती प्रक्रियाओं को तय समय में पूरा करने की मांग भी रखी गई।

दोषियों पर सख्त कार्रवाई और पीड़ितों को राहत की मांग प्रदर्शनकारियों ने पेपर लीक और भर्ती घोटालों में शामिल कथित शिक्षा माफियाओं की संपत्तियां जब्त करने, दोषियों को कड़ी सजा देने तथा परीक्षा घोटालों से प्रभावित अभ्यर्थियों और परिवारों को आर्थिक सहायता उपलब्ध कराने की मांग की। साथ ही आंदोलन के दौरान घायल छात्रों को मुआवजा देने की भी बात कही गई।

कड़ी सुरक्षा के बीच शांतिपूर्ण रहा प्रदर्शन
दामोदर पार्क से लेकर कलेक्ट्रेट तक पूरे मार्ग पर भारी पुलिस बल तैनात रहा। सुरक्षा व्यवस्था के बीच धरना, पैदल मार्च और ज्ञापन सौंपने का कार्यक्रम शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न हुआ। प्रदर्शनकारियों ने चेतावनी दी कि यदि युवाओं की मांगों पर शीघ्र कार्रवाई नहीं हुई तो आंदोलन को और व्यापक स्तर पर चलाया जाएगा।