नर्सिंग इंटर्न छात्रों ने मांगी मासिक आर्थिक सहायता सीएम से लगाई गुहार
- Advertisement -
नर्सिंग इंटर्न छात्रों ने मांगी मासिक आर्थिक सहायता सीएम से लगाई गुहार
बरेली। बीएससी नर्सिंग चतुर्थ वर्ष के इंटर्न छात्र-छात्राओं ने इंटर्नशिप के दौरान हर महीने स्टाइपेंड दिए जाने की मांग की है। इस संबंध में छात्रों ने जिलाधिकारी कार्यालय पहुंचकर सिटी मजिस्ट्रेट को संबोधित ज्ञापन मुख्यमंत्री को भेजकर आर्थिक परेशानी से राहत दिलाने की गुहार लगाई है।
छात्रों ने बताया कि रक्षपाल बहादुर कॉलेज ऑफ नर्सिंग समेत अन्य कॉलेजों के बीएससी नर्सिंग के विद्यार्थियों की इंटर्नशिप महाराणा प्रताप सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में चल रही है। इंटर्नशिप के दौरान छात्र ओपीडी, आईपीडी, आपातकालीन सेवाओं और मरीजों की देखभाल समेत अलग-अलग क्लिनिकल ड्यूटी कर रहे हैं।
छात्रों का कहना है कि इंटर्नशिप के दौरान उन्हें किसी तरह का स्टाइपेंड नहीं मिल रहा है। ऐसे में आने-जाने का किराया, भोजन, पढ़ाई से जुड़ी सामग्री और रोजमर्रा के खर्च उठाना मुश्किल हो रहा है। दूर-दराज से आने वाले विद्यार्थियों की परेशानी और बढ़ जाती है।
छात्रों ने मुख्यमंत्री से मांग की है कि बीएससी नर्सिंग इंटर्न छात्रों के लिए प्रदेश में समान और स्पष्ट स्टाइपेंड व्यवस्था लागू की जाए। उनका कहना है कि आर्थिक मदद मिलने से वे बिना तनाव के अपनी इंटर्नशिप पूरी कर सकेंगे और मरीजों की बेहतर सेवा कर सकेंगे। इस दौरान ज्ञापन देने वालों में एकांश कुमार, अर्पिता सागर, सोनम वर्मा,तमन्ना, अनुपमा, अंजलि, बलवीर, कुमार वर्मा, निलेश, निखिल, वेदपाल समेत अन्य छात्र -छात्रए मौजूद रहीं।
- Advertisement -