दहेज की मांग पूरी न होने पर विवाहिता से मारपीट का आरोप, पीड़िता ने प्रशासन से लगाई न्याय की गुहार
- Advertisement -
दहेज की मांग पूरी न होने पर विवाहिता से मारपीट का आरोप, पीड़िता ने प्रशासन से लगाई न्याय की गुहार
रिपोर्ट/दिलीप कुमार
- Advertisement -
बरेली। जिले के भुता थाना क्षेत्र से दहेज उत्पीड़न और घरेलू हिंसा का एक मामला सामने आया है।
ग्राम मधूनगला निवासी कमल बाबू शर्मा ने आरोप लगाया है कि उनकी पुत्री छवि शर्मा को शादी के कुछ ही दिनों बाद से ससुराल पक्ष द्वारा दहेज के लिए प्रताड़ित किया जाने लगा। पीड़ित परिवार ने प्रशासन से निष्पक्ष जांच कर दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की है।
परिजनों के अनुसार, छवि शर्मा का विवाह 1 दिसंबर 2025 को ग्राम उमेदपुर, थाना भुता निवासी विजय शर्मा पुत्र गजेंद्र पाल शर्मा के साथ हिंदू रीति-रिवाज से संपन्न हुआ था। पिता कमल बाबू शर्मा का कहना है कि उन्होंने शादी में करीब ₹10 लाख का कर्ज लेकर अपनी सामर्थ्य के अनुसार दहेज दिया था, जिसमें एक स्विफ्ट डिजायर कार भी शामिल थी। इसके बावजूद ससुराल पक्ष कथित रूप से अतिरिक्त दहेज की मांग करता रहा।
आरोप है कि विवाह के करीब 10 दिन बाद से ही छवि को मानसिक और शारीरिक रूप से प्रताड़ित किया जाने लगा। पीड़िता के पिता का कहना है कि 5 जनवरी 2026 को छवि की सास अनीता शर्मा ने अपने बेटे विजय शर्मा और बहू को घर से निकाल दिया। इसके बाद दोनों बरेली शहर में किराये के कमरे में रहने लगे।
परिजनों का आरोप है कि किराये के मकान में रहने के दौरान भी विजय शर्मा अपनी पत्नी के साथ मारपीट करता रहा और उस पर चरित्र पर संदेह जताते हुए गंभीर आरोप लगाता था। पीड़िता के अनुसार, दो दिन पहले पति ने उसे कमरे में बंद कर बेरहमी से पीटा और बाद में मौके से फरार हो गया।
पीड़िता और उसके परिजनों का कहना है कि उन्हें ससुराल पक्ष से जान का खतरा भी है। इसी आशंका को लेकर परिवार ने प्रशासन और पुलिस अधिकारियों से सुरक्षा प्रदान करने तथा पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कर दोषियों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की मांग की है।
फिलहाल मामले में पुलिस की ओर से आधिकारिक बयान सामने नहीं आया है। शिकायत के आधार पर जांच के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।