जौहर यूनिवर्सिटी पर कार्रवाई के विरोध में सपा का कलेक्ट्रेट मार्च

0 94

- Advertisement -

जौहर यूनिवर्सिटी पर कार्रवाई के विरोध में सपा का कलेक्ट्रेट मार्च

रिपोर्ट / आसिफ अली

- Advertisement -

बरेली। रामपुर स्थित मोहम्मद अली जौहर यूनिवर्सिटी के 38 भवनों को अवैध बताते हुए जारी ध्वस्तीकरण नोटिस के विरोध में सोमवार को समाजवादी पार्टी ने बरेली में प्रदर्शन किया। पार्टी नेताओं और कार्यकर्ताओं ने नारेबाजी करते हुए कलेक्ट्रेट तक पैदल मार्च निकाला और राज्यपाल के नाम संबोधित ज्ञापन जिलाधिकारी को सौंपकर ध्वस्तीकरण की कार्रवाई पर रोक लगाने की मांग की।

सपा जिलाध्यक्ष शुभलेश यादव ने कहा कि जौहर यूनिवर्सिटी में हजारों छात्र-छात्राएं अध्ययनरत हैं। यदि भवनों को ध्वस्त किया गया तो उनकी पढ़ाई प्रभावित होगी और भविष्य पर प्रतिकूल असर पड़ेगा। उन्होंने आरोप लगाया कि इस कार्रवाई से विद्यार्थियों को आर्थिक और मानसिक कठिनाइयों का सामना करना पड़ेगा।

ज्ञापन में कहा गया कि शिक्षा का अधिकार संविधान द्वारा प्रदत्त मूल अधिकार है और किसी भी शिक्षण संस्थान को प्रभावित करने वाली कार्रवाई छात्रों के हितों के विपरीत है। सपा नेताओं ने विश्वविद्यालय की उपयोगिता का उल्लेख करते हुए राज्यपाल से हस्तक्षेप कर कार्रवाई पर रोक लगाने की मांग की।

पार्टी नेताओं ने चेतावनी दी कि यदि ध्वस्तीकरण नोटिस वापस नहीं लिया गया तो प्रदेशभर में आंदोलन तेज किया जाएगा।

प्रदर्शन में जिलाध्यक्ष शुभलेश यादव, महानगर अध्यक्ष समीम खान सुल्तानी, बहेड़ी विधायक अताउर रहमान, भोजीपुरा विधायक शहजिल इस्लाम, पूर्व मंत्री भगवत शरण, वरिष्ठ नेता वीरपाल सिंह यादव, अनीस इंजीनियर, अगम मौर्य सहित बड़ी संख्या में सपा पदाधिकारी और कार्यकर्ता मौजूद रहे।