सुपीरियर शराब फैक्ट्री में मजदूर की मौत: प्रबंधक, एचआर समेत चार पर हत्या का मुकदमा, जांच में जुटी पुलिस

0 2

- Advertisement -

सुपीरियर शराब फैक्ट्री में मजदूर की मौत: प्रबंधक, एचआर समेत चार पर हत्या का मुकदमा, जांच में जुटी पुलिस

रिपोर्ट/आसिफ अली

- Advertisement -

बरेली। सीबीगंज स्थित सुपीरियर शराब फैक्ट्री में मजदूर सत्यपाल सागर की मौत के मामले ने नया मोड़ ले लिया है। मृतक के बेटे की शिकायत पर पुलिस ने फैक्ट्री के प्रबंधक, एचआर अधिकारी, सुपरवाइजर और लोडर चालक के खिलाफ हत्या का मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। परिजनों का आरोप है कि यह महज हादसा नहीं, बल्कि एक सुनियोजित हत्या है, जिसे दुर्घटना का रूप देने की कोशिश की गई।

मृतक के बेटे की तहरीर पर दर्ज हुआ केस
धीरपुर निवासी सत्यपाल सागर फैक्ट्री के बॉयलर सेक्शन में भूसी डालने का कार्य करते थे। 15 जुलाई को परिवार को फैक्ट्री से फोन कर उनकी मौत की सूचना दी गई। परिजनों का कहना है कि जब वे फैक्ट्री पहुंचे तो पहले बताया गया कि सत्यपाल को अस्पताल ले जाया गया है, लेकिन कुछ देर बाद उनका शव एंबुलेंस से वापस लाया गया।

मृतक के बेटे गौतम कुमार ने सीबीगंज थाने में दी गई तहरीर में आरोप लगाया कि पूरे घटनाक्रम को लेकर फैक्ट्री प्रबंधन की भूमिका संदिग्ध है और मामले की निष्पक्ष जांच की जानी चाहिए।

समझौते का दबाव बनाने का आरोप परिजनों का आरोप है कि जब उन्होंने मौत की वजह पूछी तो फैक्ट्री प्रबंधन ने बताया कि सत्यपाल भूसी के टैंक में गिर गए थे। इसके बाद कथित तौर पर परिवार को एक लाख रुपये नकद देने और मृतक की पत्नी को आजीवन पेंशन दिलाने का प्रस्ताव रखा गया, ताकि वे कानूनी कार्रवाई न करें।

परिवार का यह भी कहना है कि उन्होंने घटना की सच्चाई जानने के लिए फैक्ट्री में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज देखने की मांग की, लेकिन प्रबंधन ने फुटेज दिखाने से इनकार कर दिया और उन्हें परिसर से बाहर जाने के लिए कहा।

सीसीटीवी फुटेज छिपाने का आरोप गौतम कुमार का कहना है कि उनके पिता पूरी तरह स्वस्थ थे और उनकी मौत सामान्य हादसा नहीं हो सकती। उन्होंने आरोप लगाया कि सीसीटीवी फुटेज न दिखाना और घटना को लेकर अलग-अलग जानकारी देना पूरे मामले को संदिग्ध बनाता है। इसी आधार पर उन्होंने फैक्ट्री के प्रबंधक, एचआर, सुपरवाइजर और लोडर चालक के खिलाफ साजिश के तहत हत्या करने का आरोप लगाया है।

पुलिस जुटी साक्ष्य जुटाने में सीबीगंज पुलिस ने तहरीर के आधार पर चारों आरोपियों के खिलाफ हत्या की धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया है। पुलिस का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट, सीसीटीवी फुटेज, फोरेंसिक साक्ष्यों और अन्य उपलब्ध सबूतों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी। जांच पूरी होने के बाद तथ्यों के आधार पर कानूनी कदम उठाए जाएंगे।

पहले भी हो चुकी है मजदूर की मौत स्थानीय लोगों के अनुसार, करीब दो वर्ष पहले भी इसी फैक्ट्री में कार्यरत एक मजदूर ताराचंद की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हुई थी। उस समय भी परिजनों ने फैक्ट्री गेट पर प्रदर्शन कर निष्पक्ष जांच की मांग की थी। अब एक बार फिर मजदूर की मौत के बाद फैक्ट्री की सुरक्षा व्यवस्था और कार्यप्रणाली सवालों के घेरे में आ गई है।