महानगर में दिनदहाड़े चोरी से हड़कंप: बंद मकान की ग्रिल उखाड़ी, अलमारी का लॉकर तोड़कर 30 हजार नकद और लाखों के जेवर ले उड़े चोर

0 17

- Advertisement -

महानगर में दिनदहाड़े चोरी से हड़कंप: बंद मकान की ग्रिल उखाड़ी, अलमारी का लॉकर तोड़कर 30 हजार नकद और लाखों के जेवर ले उड़े चोर

रिपोर्ट/आसिफ अली

- Advertisement -

त्योहार की खरीदारी करने बाजार गया था परिवार, पीछे से घर में घुसे चोरों ने खंगाला मकान; इज्जतनगर की महानगर कॉलोनी में वारदात से सुरक्षा पर उठे सवाल

बरेली। त्योहार की खरीदारी के बीच चोरों ने दिनदहाड़े बंद मकान को निशाना बनाकर सनसनी फैला दी। इज्जतनगर थाना क्षेत्र की महानगर कॉलोनी में चोरों ने घर की ग्रिल उखाड़ी, स्टोर रूम में रखी अलमारी का लॉकर तोड़ा और 30 हजार रुपये नकद समेत लाखों रुपये के जेवरात लेकर फरार हो गए। वारदात के वक्त परिवार बाजार गया हुआ था। घर लौटने पर चोरी की जानकारी सामने आने से इलाके में हड़कंप मच गया।

जानकारी के मुताबिक, महानगर कॉलोनी निवासी श्यामबिहारी लाल अपनी पत्नी साधना शर्मा और बेटे अविकल शर्मा के साथ त्योहार की खरीदारी करने बाजार गए थे। इसी दौरान घर सूना देखकर चोरों ने कथित तौर पर वारदात को अंजाम दिया। आरोप है कि चोरों ने घर में घुसने के लिए ग्रिल उखाड़ी और अंदर पहुंचकर सामान खंगाल डाला।

ग्रिल उखाड़कर अलमारी का लॉकर तोड़ा

चोरों ने स्टोर रूम में रखी अलमारी को निशाना बनाया। अलमारी का लॉकर तोड़कर उसमें रखे 30 हजार रुपये नकद और लाखों रुपये के जेवरात समेट लिए। वारदात को अंजाम देने के बाद आरोपी मौके से फरार हो गए। परिवार की गैरमौजूदगी में हुई इस चोरी ने कॉलोनी के लोगों को भी चिंता में डाल दिया है।

सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही पुलिस

दिनदहाड़े हुई चोरी की सूचना मिलने के बाद चोरों की तलाश के लिए सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है। पुलिस संदिग्धों की पहचान करने और वारदात से जुड़े सुराग जुटाने में लगी है। फिलहाल आरोपियों की गिरफ्तारी और चोरी गए सामान की बरामदगी को लेकर आगे की कार्रवाई का इंतजार है।

इज्जतनगर थाना क्षेत्र की इस वारदात ने त्योहार के दौरान बंद मकानों की सुरक्षा को लेकर सवाल खड़े कर दिए हैं। अब देखना होगा कि पुलिस सीसीटीवी फुटेज के आधार पर चोरों तक कब पहुंच पाती है।