एसएसपी ने कार्यालय के बाहर परखी सुरक्षा व्यवस्था, संदिग्धों से की पूछताछ

0 13

- Advertisement -

एसएसपी ने कार्यालय के बाहर परखी सुरक्षा व्यवस्था, संदिग्धों से की पूछताछ

रिपोर्ट/आसिफ अली

- Advertisement -

बरेली। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक अनुराग आर्य ने बुधवार को एसएसपी कार्यालय के बाहर अचानक पहुंचकर सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लिया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने कार्यालय के बाहर मौजूद फरियादियों से बातचीत कर उनके आने का कारण जाना। साथ ही कुछ संदिग्ध नजर आ रहे लोगों से पूछताछ कर उनकी मौजूदगी के संबंध में जानकारी ली।

एसएसपी ने कार्यालय के बाहर अनावश्यक भीड़ और लोगों के जमावड़े को लेकर पुलिसकर्मियों को सतर्क रहने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि फरियाद लेकर आने वाले आम लोगों को किसी प्रकार की परेशानी नहीं होनी चाहिए, लेकिन उनकी आड़ में संदिग्ध या अराजक तत्व कार्यालय के आसपास अनावश्यक रूप से मौजूद न रहें। ऐसे लोगों की गतिविधियों पर लगातार नजर रखने के निर्देश दिए गए।

सुरक्षा व्यवस्था को और मजबूत करने के लिए एसएसपी ने कार्यालय के बाहर बैरिकेडिंग कराने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि कार्यालय परिसर के आसपास आने-जाने वाले लोगों पर निगरानी रखी जाए। किसी व्यक्ति की गतिविधि संदिग्ध पाए जाने पर नियमानुसार पूछताछ की जाए और अनावश्यक रूप से खड़े लोगों को वहां से हटाने की व्यवस्था सुनिश्चित की जाए।

एसएसपी ने पुलिसकर्मियों को फरियादियों के साथ शालीनता और सम्मानजनक व्यवहार करने के भी निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि लोगों की शिकायतों को गंभीरता से सुना जाए और उन्हें अनावश्यक रूप से परेशान न किया जाए। साथ ही कार्यालय की सुरक्षा व्यवस्था से किसी भी स्तर पर समझौता नहीं होना चाहिए।

उन्होंने स्पष्ट किया कि एसएसपी कार्यालय एक महत्वपूर्ण पुलिस प्रतिष्ठान है। ऐसे में इसके आसपास सुरक्षा व्यवस्था हमेशा सतर्क और व्यवस्थित रहनी चाहिए। कार्यालय के बाहर किसी भी तरह की अव्यवस्था, संदिग्ध गतिविधि या अराजक तत्वों के जमावड़े की स्थिति में तत्काल कार्रवाई की जाए।

निरीक्षण के दौरान एसपी उत्तरी मुकेश चंद्र मिश्र, एसपी क्राइम मनीष सोनकर समेत अन्य पुलिसकर्मी मौजूद रहे। वरिष्ठ अधिकारियों ने भी मौके की स्थिति का जायजा लिया और सुरक्षा व्यवस्था को लेकर आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।