बरेली में मौत बनकर दौड़ रहा चीनी मांझा! महादेव पुल पर कोचिंग जा रहे 12वीं के छात्र की गर्दन कटी , हालत गंभीर

0 14

- Advertisement -

बरेली में मौत बनकर दौड़ रहा चीनी मांझा! महादेव पुल पर कोचिंग जा रहे 12वीं के छात्र की गर्दन कटी , हालत गंभीर

रिपोर्ट/आसिफ अली

- Advertisement -

महादेव पुल पर दर्दनाक हादसा, सड़क पर तड़पता रहा छात्र, राहगीर ने दिखाई इंसानियत

बरेली। शहर में प्रतिबंध के बावजूद खुलेआम बिक रहा चीनी मांझा अब लोगों की जान का दुश्मन बनता जा रहा है। बुधवार को कोतवाली क्षेत्र स्थित महादेव पुल पर एक और बड़ा हादसा हो गया।

कोचिंग जा रहे कक्षा 12 के छात्र वैभव प्रताप सिंह की गर्दन अचानक सड़क पर फैले चीनी मांझे की चपेट में आ गई। मांझा गर्दन में इस कदर उलझा कि गहरा कट लग गया और छात्र लहूलुहान होकर सड़क पर गिर पड़ा। घटना के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई।

राहगीर ने बचाई जान, निजी अस्पताल में भर्ती
घटना के समय वहां से गुजर रहे एक राहगीर ने मानवता का परिचय देते हुए घायल छात्र को अपनी कार से तत्काल नजदीकी निजी अस्पताल पहुंचाया। डॉक्टरों ने बताया कि छात्र की गर्दन पर गंभीर चोट आई है और उसका इलाज जारी है। फिलहाल उसकी हालत गंभीर बनी हुई है।

प्रतिबंध सिर्फ कागजों तक, बाजार में धड़ल्ले से बिक रहा चीनी मांझा इस दर्दनाक हादसे ने एक बार फिर प्रशासनिक व्यवस्था पर सवाल खड़े कर दिए हैं। सरकार द्वारा चीनी मांझे की बिक्री और इस्तेमाल पर प्रतिबंध लगाया जा चुका है, लेकिन इसके बावजूद शहर के कई इलाकों में अवैध रूप से इसकी बिक्री खुलेआम जारी है। स्थानीय लोगों का कहना है कि जिम्मेदार विभागों की ढिलाई के कारण मासूम और आम नागरिक लगातार इसकी कीमत अपनी जान और जिंदगी से चुका रहे हैं।

लगातार हो रहे हादसे, फिर भी नहीं जागा प्रशासन
बरेली में चीनी मांझे का कहर लगातार बढ़ता जा रहा है। इससे पहले 15 जून को श्यामगंज फ्लाईओवर पर प्रदेश के गन्ना राज्यमंत्री संजय गंगवार के भतीजे वीर सिंह गंगवार भी चीनी मांझे की चपेट में आकर गंभीर रूप से घायल हो गए थे। उनका कई दिनों तक निजी अस्पताल में इलाज चला था। इसके बावजूद अवैध कारोबार पर प्रभावी कार्रवाई नहीं हो सकी।

लोगों में गुस्सा, सख्त कार्रवाई की मांग लगातार हो रहे हादसों से लोगों में भारी नाराजगी है। स्थानीय नागरिकों ने प्रशासन से मांग की है कि अवैध रूप से चीनी मांझा बेचने वालों के खिलाफ विशेष अभियान चलाया जाए, दोषियों पर कड़ी कानूनी कार्रवाई हो और बाजार से इस जानलेवा मांझे को पूरी तरह खत्म किया जाए, ताकि भविष्य में किसी और परिवार को ऐसी त्रासदी का सामना न करना पड़े।