बरेली में गोमाता को राष्ट्रमाता का दर्जा देने की मांग पर विशाल पदयात्रा, डीएम को सौंपा ज्ञापन

0 13

- Advertisement -

बरेली में गोमाता को राष्ट्रमाता का दर्जा देने की मांग पर विशाल पदयात्रा, डीएम को सौंपा ज्ञापन

रिपोर्ट/आसिफ अली

- Advertisement -

बरेली। गोमाता को राष्ट्रमाता का दर्जा देने की मांग को लेकर सोमवार को बरेली में हजारों गौ सेवक, साधु-संत और विभिन्न हिंदू संगठनों के कार्यकर्ताओं ने विशाल पदयात्रा निकाली।

शहर के विभिन्न मार्गों से होते हुए यह पदयात्रा कलेक्ट्रेट पहुंची, जहां प्रदर्शनकारियों ने अपनी मांगों को लेकर जोरदार प्रदर्शन किया।

कलेक्ट्रेट पहुंचने पर प्रशासन की ओर से पहले अपर जिलाधिकारी (एडीएम) के ज्ञापन लेने की सूचना दी गई, लेकिन प्रदर्शनकारियों ने स्पष्ट कहा कि वे अपना ज्ञापन केवल जिलाधिकारी को ही सौंपेंगे। इसके बाद सभी कार्यकर्ता कलेक्ट्रेट गेट पर धरने पर बैठ गए और डीएम के आने का इंतजार करने लगे।

धरने के दौरान पूरे परिसर में “जय श्रीराम” के नारों की गूंज सुनाई दी। साधु-संतों और गौ सेवकों ने सामूहिक रूप से हनुमान चालीसा का पाठ किया, जिससे माहौल पूरी तरह धार्मिक और भक्तिमय हो गया। प्रदर्शनकारियों ने कहा कि गोमाता भारतीय संस्कृति, आस्था और सनातन परंपरा का महत्वपूर्ण प्रतीक हैं, इसलिए उन्हें राष्ट्रमाता का सम्मान दिया जाना चाहिए।

कुछ समय बाद जिलाधिकारी अविनाश सिंह स्वयं मौके पर पहुंचे। उन्होंने प्रदर्शनकारियों से ज्ञापन प्राप्त किया और उनकी मांगों को शासन तक पहुंचाने का आश्वासन दिया। डीएम के आश्वासन के बाद धरना शांतिपूर्वक समाप्त हो गया।
प्रदर्शन में बड़ी संख्या में गौ सेवक, साधु-संत, सामाजिक संगठनों के प्रतिनिधि और हिंदू संगठनों के कार्यकर्ता मौजूद रहे। पूरे कार्यक्रम के दौरान पुलिस और प्रशासन की ओर से सुरक्षा व्यवस्था के व्यापक इंतजाम किए गए ताकि कानून-व्यवस्था बनी रहे।