बरेली: टैंकर की टक्कर से 11 माह के मासूम की मौत, मां आईसीयू में भर्ती

0 7

- Advertisement -

बरेली: टैंकर की टक्कर से 11 माह के मासूम की मौत, मां आईसीयू में भर्ती

रिपोर्ट/आसिफ अली

- Advertisement -

बरेली। फतेहगंज पश्चिमी थाना क्षेत्र में शुक्रवार सुबह एक दर्दनाक सड़क हादसे में 11 महीने के मासूम की टैंकर से कुचलकर मौत हो गई। हादसे में मासूम की मां गंभीर रूप से घायल हो गईं, जबकि चार वर्षीय बहन को भी चोटें आई हैं। घटना के बाद परिवार में कोहराम मच गया।

जानकारी के अनुसार, रामपुर जनपद के शाहबाद थाना क्षेत्र के करीमगंज गांव निवासी राकेश कुमार अपनी पत्नी कामना, चार वर्षीय बेटी अमनी और 11 महीने के बेटे पीयूष के साथ बाइक से भोजीपुरा स्थित रिश्तेदारी में जा रहे थे। सुबह करीब 9:30 बजे धनेटा फाटक के पास दिल्ली-लखनऊ नेशनल हाईवे पर कथित रूप से गलत दिशा से आ रहे एक तेज रफ्तार टैंकर ने उनकी बाइक को टक्कर मार दी।

हादसे में मासूम पीयूष टैंकर के पहिए की चपेट में आ गया और उसकी मौके पर ही मौत हो गई। वहीं, उसकी मां कामना गंभीर रूप से घायल हो गईं, जिन्हें उपचार के लिए राजश्री मेडिकल कॉलेज के आईसीयू में भर्ती कराया गया है। चार वर्षीय बेटी अमनी को भी चोटें आई हैं।

घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। हादसे के बाद चालक मौके से फरार हो गया। पुलिस मामले की जांच कर रही है और टैंकर व चालक की तलाश में जुटी है।

मृतक के पिता राकेश कुमार का कहना है कि उनका बेटा अगले महीने एक वर्ष का होने वाला था। परिवार उसके पहले जन्मदिन की तैयारियां करने की सोच रहा था, लेकिन उससे पहले ही यह हादसा हो गया। उन्होंने बताया कि उनकी पत्नी को अभी तक बेटे की मौत की जानकारी नहीं दी गई है क्योंकि वह गंभीर हालत में अस्पताल में भर्ती हैं।
इस दर्दनाक हादसे के बाद परिवार का रो-रोकर बुरा हाल है और पूरे इलाके में शोक का माहौल बना हुआ है।