बरेली में पार्क की जमीन पर बनी गौशाला पर कार्रवाई टली, BDA टीम नहीं पहुंची

0 12

- Advertisement -

बरेली में पार्क की जमीन पर बनी गौशाला पर कार्रवाई टली, BDA टीम नहीं पहुंची

रिपोर्ट/आसिफ अली

- Advertisement -

बरेली। प्रेमनगर थाना क्षेत्र के मौलानगर में पार्क की जमीन पर बने होने के आरोपों से घिरी कामधेनु गौशाला पर शुक्रवार को प्रस्तावित ध्वस्तीकरण की कार्रवाई नहीं हो सकी। कार्रवाई के लिए सुबह से ही पुलिस प्रशासन और पीएसी मौके पर तैनात रहे, लेकिन बरेली विकास प्राधिकरण (BDA) की टीम निर्धारित समय पर नहीं पहुंची। करीब दो घंटे इंतजार के बाद कार्रवाई स्थगित कर दी गई और पुलिस बल वापस लौट गया।

जानकारी के अनुसार, स्थानीय लोगों ने आरोप लगाया था कि महामंडलेश्वर संजीव गौड़ द्वारा संचालित कामधेनु गौशाला पार्क की भूमि पर बनाई गई है। शिकायत मिलने के बाद BDA ने जांच कराई और जांच के आधार पर ध्वस्तीकरण के आदेश जारी किए थे। शुक्रवार, 24 जुलाई को कार्रवाई प्रस्तावित थी।

कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए BDA ने पहले ही पुलिस प्रशासन से सुरक्षा बल उपलब्ध कराने का अनुरोध किया था। इसके बाद प्रेमनगर थाना पुलिस, एक कंपनी पीएसी, सीओ सिटी आशुतोष शिवम और मजिस्ट्रेट सुबह करीब 10 बजे मौके पर पहुंच गए। पूरे क्षेत्र में सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी गई, लेकिन BDA की टीम मौके पर नहीं पहुंची।

स्थानीय लोगों का कहना है कि करीब 500 वर्गगज क्षेत्र में बनी गौशाला के कारण पार्क की सार्वजनिक भूमि पर कब्जा हो गया है, जिससे बच्चों के खेलने और लोगों के टहलने की जगह समाप्त हो गई है। अब क्षेत्रवासियों की नजर इस बात पर है कि BDA ध्वस्तीकरण की अगली कार्रवाई कब करता है।