बरेली में मॉर्निंग वॉक पर निकले किराना व्यापारी की चाकुओं से हत्या
- Advertisement -
बरेली में मॉर्निंग वॉक पर निकले किराना व्यापारी की चाकुओं से हत्या
रिपोर्ट/आसिफ अली
- Advertisement -
धौरा टांडा में वारदात से सनसनी, संपत्ति विवाद समेत सभी पहलुओं पर जांच
बरेली। भोजीपुरा थाना क्षेत्र के धौरा टांडा में शुक्रवार सुबह मॉर्निंग वॉक पर निकले 65 वर्षीय किराना व्यापारी की अज्ञात हमलावरों ने चाकुओं से गोदकर हत्या कर दी। वारदात के बाद उनका शव विवियापुर रोड किनारे खून से लथपथ पड़ा मिला। सूचना मिलते ही पुलिस और फॉरेंसिक टीम मौके पर पहुंच गई। दिनदहाड़े हुई इस हत्या से इलाके में दहशत का माहौल है।
ई-रिक्शा चालक ने देखा शव जानकारी के अनुसार, शुक्रवार सुबह करीब सात बजे विवियापुर रोड से गुजर रहे एक ई-रिक्शा चालक की नजर सड़क किनारे पड़े एक व्यक्ति पर पड़ी। पास जाकर देखने पर वह खून से लथपथ मिला। स्थानीय लोगों ने उसकी पहचान धौरा टांडा वार्ड नंबर-1 निवासी सियाराम श्रीवास्तव (65) पुत्र चुन्नीलाल के रूप में की। इसके बाद पुलिस को सूचना दी गई।
रोज की तरह निकले थे टहलने परिजनों ने बताया कि सियाराम श्रीवास्तव किराना व्यवसाय से जुड़े थे। वह प्रतिदिन की तरह सुबह करीब छह बजे घर से मॉर्निंग वॉक के लिए निकले थे, लेकिन कुछ ही देर बाद उनकी हत्या की सूचना मिलने से परिवार में मातम छा गया। मृतक अपने पीछे पांच शादीशुदा बच्चों का परिवार छोड़ गए हैं।
शरीर पर मिले कई गहरे घाव घटनास्थल पर पहुंचे लोगों ने देखा कि मृतक के शरीर पर चाकुओं के कई गहरे घाव थे। इससे आशंका जताई जा रही है कि हमलावर पूरी तैयारी के साथ हत्या की नीयत से आए थे और वारदात को अंजाम देकर फरार हो गए।
संपत्ति विवाद की भी जांच पुलिस की शुरुआती जांच में संपत्ति विवाद का पहलू भी सामने आया है। मृतक के बेटे ने बताया कि हाल ही में मकान से जुड़े एक पुराने मुकदमे का फैसला उनके पक्ष में आया था। पुलिस अब इस बात की भी जांच कर रही है कि कहीं इसी विवाद के चलते वारदात को अंजाम तो नहीं दिया गया।
फॉरेंसिक टीम ने जुटाए साक्ष्य सूचना मिलते ही भोजीपुरा थाना पुलिस और फॉरेंसिक टीम मौके पर पहुंची। घटनास्थल से साक्ष्य एकत्र किए गए और शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया। पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज भी खंगाल रही है, ताकि आरोपियों की पहचान कर उन्हें जल्द गिरफ्तार किया जा सके।
सीओ का बयान सीओ हाईवे देवेश सिंह ने बताया कि प्रथम दृष्टया मामला हत्या का प्रतीत हो रहा है। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। परिजनों की तहरीर मिलने के बाद संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज किया जाएगा। पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच के आधार पर हत्या के कारणों का खुलासा किया जाएगा। फिलहाल पुलिस सभी संभावित पहलुओं को ध्यान में रखकर जांच कर रही है।