बरेली में राजस्व टीम के सामने हाईवोल्टेज ड्रामा! जमीन विवाद में जिला पंचायत सदस्य समेत दो ने खुद पर उड़ेला पेट्रोल, पुलिस की फुर्ती से टला बड़ा हादसा
- Advertisement -
बरेली में राजस्व टीम के सामने हाईवोल्टेज ड्रामा! जमीन विवाद में जिला पंचायत सदस्य समेत दो ने खुद पर उड़ेला पेट्रोल, पुलिस की फुर्ती से टला बड़ा हादसा
रिपोर्ट/आसिफ अली
- Advertisement -
पांच साल पुराने जमीन विवाद ने लिया खतरनाक मोड़, पैमाइश के दौरान भड़का गुस्सा, पुलिस और प्रशासन की सूझबूझ से बची दो जानें
बरेली। फतेहगंज पश्चिमी थाना क्षेत्र के गांव टिटौली में शनिवार को जमीन विवाद उस वक्त बेहद तनावपूर्ण हो गया, जब राजस्व विभाग की टीम के सामने भूमि स्वामी कांता प्रसाद गंगवार और जिला पंचायत सदस्य ममता गंगवार ने खुद पर पेट्रोल छिड़ककर आत्मदाह का प्रयास कर दिया। मौके पर मौजूद पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए दोनों को बचा लिया, जिससे एक बड़ा हादसा टल गया।
घटना के बाद पूरे इलाके में अफरा-तफरी मच गई और राजस्व अधिकारियों को कार्रवाई रोकनी पड़ी।
बताया गया कि कांता प्रसाद गंगवार का आरोप है कि उनकी गाटा संख्या 232 की भूमि का एक हिस्सा सड़क निर्माण में चला गया था, जबकि बची हुई जमीन पर पड़ोसी पक्ष ने कब्जा कर लिया।
उनका कहना है कि पिछले पांच वर्षों से वह प्रशासन के चक्कर काट रहे थे, लेकिन उन्हें न्याय नहीं मिला। इसी मामले को लेकर जिला पंचायत सदस्य ममता गंगवार भी उनके समर्थन में लगातार प्रशासन से कार्रवाई की मांग कर रही थीं।
पैमाइश के दौरान भड़का गुस्सा, लौट रही टीम के सामने उठाया बड़ा कदम शनिवार को तहसीलदार आशीष कुमार के नेतृत्व में राजस्व विभाग की टीम दोबारा मौके पर पहुंची और करीब एक घंटे तक पैमाइश की गई। जब तत्काल कोई समाधान निकलता नहीं दिखा और टीम वापस जाने लगी, तभी कांता प्रसाद और ममता गंगवार ने खुद पर पेट्रोल छिड़क लिया। यह दृश्य देखकर मौके पर मौजूद अधिकारी और ग्रामीण भी स्तब्ध रह गए।
थाना प्रभारी की सतर्कता से बचीं दो जानें
स्थिति की गंभीरता को देखते हुए प्रभारी निरीक्षक प्रवीन कुमार ने तुरंत दोनों के हाथ से पेट्रोल की बोतल छीन ली और उन पर पानी डालकर आत्मदाह की कोशिश को विफल कर दिया। पुलिस की इस त्वरित कार्रवाई से संभावित बड़ा हादसा टल गया। इसके बाद दोनों मौके पर धरने पर बैठ गए और प्रशासन से तत्काल कार्रवाई की मांग करने लगे।
तीन घंटे चली पैमाइश, जमीन की हुई निशानदेही
धरने के बाद राजस्व विभाग ने दोबारा पैमाइश शुरू कराई। कानूनगो ब्रजकिशोर कटियार और लेखपाल नवरत्न गंगवार ने करीब तीन घंटे तक मौके पर माप-जोख की और विवादित भूमि की निशानदेही कर दी। इसके बाद स्थिति सामान्य हुई।
तहसीलदार का दावा— जल्द मिलेगा कब्जा
तहसीलदार आशीष कुमार ने बताया कि पैमाइश पूरी कर ली गई है और पीड़ित की भूमि चिन्हित कर दी गई है। खेत में खड़े पॉपुलर के पेड़ हटने के बाद नियमानुसार कब्जा दिलाने की प्रक्रिया पूरी की जाएगी। प्रशासन के आश्वासन के बाद दोनों पक्षों ने धरना समाप्त कर दिया।
नोट: कांता प्रसाद गंगवार द्वारा जमीन पर अवैध कब्जे और लंबे समय से कार्रवाई न होने के आरोप लगाए गए हैं। प्रशासन का कहना है कि राजस्व प्रक्रिया के अनुसार पैमाइश पूरी कर आगे की कार्रवाई की जा रही है।