बरेली सड़क हादसे ने उजाड़ा परिवार: 16 वर्षीय अनमोल कश्यप की दर्दनाक मौत, हत्या के आरोप से बढ़ा विवाद
- Advertisement -
बरेली सड़क हादसे ने उजाड़ा परिवार: 16 वर्षीय अनमोल कश्यप की दर्दनाक मौत, हत्या के आरोप से बढ़ा विवाद
रिपोर्ट /आसिफ अली
- Advertisement -
बरेली। बरेली में हुए एक दर्दनाक सड़क हादसे ने एक परिवार की खुशियां छीन लीं। महज 16 वर्षीय ढाबा कर्मी अनमोल कश्यप की संदिग्ध सड़क दुर्घटना में मौत हो गई। हादसे के बाद जहां पुलिस इसे सड़क दुर्घटना मानकर जांच कर रही है, वहीं मृतक के परिजनों ने अनमोल के दोस्त हर्ष कश्यप पर हत्या का आरोप लगाते हुए कार्रवाई की मांग की है। परिजनों के विरोध और हंगामे के कारण मामले ने नया मोड़ ले लिया है।
रात में सवारी छोड़कर लौटते समय हुआ हादसा
जानकारी के अनुसार, अनमोल कश्यप मूल रूप से आंवला क्षेत्र के फुलासी गांव का रहने वाला था और वर्तमान में कैंट थाना क्षेत्र के कांधरपुर में किराए के मकान में रहकर एक ढाबे पर काम करता था। बुधवार रात वह अपने दोस्त हर्ष कश्यप के ई-रिक्शा से पहले चौपला गया और बाद में सवारी लेकर रामगंगा की ओर निकला।
हर्ष के मुताबिक, रात करीब 12:30 बजे रामगंगा से लौटते समय आईटीबीपी बुखारा कैंप के पास पीछे से आए एक अज्ञात ट्रक ने ई-रिक्शा को टक्कर मार दी। टक्कर इतनी तेज थी कि ई-रिक्शा सड़क किनारे खाई में जा गिरा।
ई-रिक्शा के नीचे दब गया अनमोल, अस्पताल में तोड़ा दम हादसे में अनमोल ई-रिक्शा के नीचे दब गया और गंभीर रूप से घायल हो गया। हर्ष उसे तत्काल जिला अस्पताल लेकर पहुंचा, लेकिन डॉक्टरों ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया। घटना की सूचना मिलते ही कैंट थाना पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
पोस्टमार्टम में सामने आईं गंभीर चोटें कैंट इंस्पेक्टर संजय कुमार धीर ने बताया कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट में अनमोल के शरीर पर कई गंभीर चोटों की पुष्टि हुई है। उसके पेट पर लगभग एक फीट लंबा घिसटने का निशान भी मिला है, जिससे प्रथम दृष्टया यह संकेत मिलता है कि हादसे के बाद वह सड़क पर काफी दूर तक घिसटा था।
परिजनों ने दोस्त पर लगाया हत्या का आरोप
घटना के बाद मृतक के परिजनों ने अनमोल के दोस्त हर्ष कश्यप पर हत्या का आरोप लगाते हुए पुलिस को तहरीर सौंप दी। उनका कहना है कि पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कर आरोपी को तत्काल गिरफ्तार किया जाए। परिजनों ने गिरफ्तारी तक अंतिम संस्कार करने से भी इनकार कर दिया और अस्पताल परिसर में हंगामा किया।
मौके पर पहुंचे पूर्व सांसद, कार्रवाई का दिलाया भरोसा हंगामे की सूचना मिलने पर निवर्तमान आंवला सांसद धर्मेंद्र कश्यप मौके पर पहुंचे। उन्होंने पीड़ित परिवार से बातचीत कर उन्हें शांत कराया और भरोसा दिलाया कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट व पुलिस जांच के आधार पर दोषी के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई कराई जाएगी।
पुलिस हर पहलू से कर रही जांच पुलिस का कहना है कि सड़क हादसे और परिजनों द्वारा लगाए गए हत्या के आरोप—दोनों पहलुओं को गंभीरता से जांचा जा रहा है। घटनास्थल के साक्ष्य, पोस्टमार्टम रिपोर्ट और अन्य उपलब्ध तथ्यों के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
फिलहाल इस दर्दनाक घटना से अनमोल कश्यप के परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है। एक किशोर की असमय मौत ने पूरे इलाके को गमगीन कर दिया है, जबकि परिजन न्याय की मांग पर अड़े हुए हैं।