अलीगंज रस्क लेने निकले चचेरे भाई-बहन पर गिरी जर्जर दीवार, 8 साल का अंशु और 7 साल की इशिका की मौत, गांव में मातम

0 1

- Advertisement -

 

 

- Advertisement -

अलीगंज रस्क लेने निकले चचेरे भाई-बहन पर गिरी जर्जर दीवार, 8 साल का अंशु और 7 साल की इशिका की मौत, गांव में मातम

*रिपोर्ट/आसिफ अली *

कैनी गांव का दर्दनाक हादसा: गुरुवार सुबह 8 बजे पड़ोस की दुकान से लौटते समय भरभराकर गिरी दीवार, मलबे से निकाले गए दोनों मासूम, पोस्टमार्टम के बाद शव सौंपे गए

बरेली: अलीगंज थाना क्षेत्र के कैनी गांव में गुरुवार सुबह एक हादसे ने पूरे गांव को झकझोर दिया। रस्क लेने निकले सगे चचेरे भाई-बहन 8 साल के अंशु और 7 साल की इशिका पर अचानक एक जर्जर पक्की दीवार गिर गई। दीवार के मलबे में दबने से दोनों मासूमों की मौके पर ही मौत हो गई। घटना के बाद गांव में चीख-पुकार मच गई और परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा।

रस्क लेकर घर लौट रहे थे दोनों मासूम कैनी गांव निवासी अजीत कश्यप और नन्हे कश्यप सगे भाई हैं। मजदूरी के सिलसिले में दोनों बाहर रहते हैं। उनके बच्चे गांव में दादी के साथ रहते हैं। गुरुवार सुबह करीब 8 बजे अजीत कश्यप का बेटा अंशु और नन्हे कश्यप की बेटी इशिका पड़ोस की दुकान से रस्क लेकर वापस घर लौट रहे थे। इसी दौरान रास्ते में खड़ी एक पुरानी जर्जर दीवार अचानक भरभराकर दोनों पर गिर गई।

दीवार गिरने की तेज आवाज सुनकर आसपास के लोग दौड़े। ग्रामीणों ने तुरंत मलबा हटाकर अंशु और इशिका को बाहर निकाला, लेकिन तब तक काफी देर हो चुकी थी। दोनों की मौके पर ही मौत हो चुकी थी।

बुधवार को ही लौटे थे ननिहाल से ग्रामीणों के अनुसार अंशु और इशिका बुधवार को ही अपने ननिहाल से दादी के घर लौटे थे। माता-पिता बाहर होने की वजह से दोनों की देखभाल दादी कर रही थीं। किसी को अंदाजा नहीं था कि अगले ही दिन यह हादसा हो जाएगा। घटना की सूचना मिलते ही फोन पर माता-पिता को खबर दी गई। खबर सुनते ही परिवार में कोहराम मच गया। गांव के लोग भी इस दर्दनाक हादसे से स्तब्ध हैं।

पुलिस ने शव भेजे पोस्टमार्टम के लिए सूचना पर अलीगंज थाना पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने दोनों मासूमों के शव कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पुलिस हादसे के कारणों की जांच कर रही है। ग्रामीणों का कहना है कि गांव में कई पुरानी और जर्जर दीवारें मौजूद हैं। समय रहते मरम्मत या उन्हें गिराया जाता तो यह हादसा टाला जा सकता था।