बरेली नुमाइश में बड़ा हादसा: आंधी से गिरा झूला, मां-बेटा घायल; बच्चे की हालत गंभीर*

0 4

- Advertisement -

*बरेली नुमाइश में बड़ा हादसा: आंधी से गिरा झूला, मां-बेटा घायल; बच्चे की हालत गंभीर*

*रिपोर्ट/आसिफ अली*

- Advertisement -

*विशप मंडल इंटर कॉलेज मैदान में मची अफरा-तफरी, सुरक्षा इंतजामों की खुली पोल; जिला अस्पताल में भर्ती 11 साल का अनमोल*

*बरेली, शहर के विशप मंडल इंटर कॉलेज* परिसर में चल रही नुमाइश में गुरुवार रात बड़ा हादसा हो गया। तेज आंधी और बारिश के दौरान एक झूला गिरने से मां-बेटा गंभीर रूप से घायल हो गए। अफरा-तफरी के बीच दोनों को जिला अस्पताल ले जाया गया। 11 वर्षीय अनमोल की हालत गंभीर देखते हुए उसे भर्ती कर लिया गया है।

*नुमाइश घूमने गए थे, झूले की चपेट में आए मां-बेटा*
थाना बारादरी के संजय नगर निवासी गोविंद की पत्नी ज्योति अपने 11 साल के बेटे अनमोल के साथ नुमाइश घूमने पहुंची थीं। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक रात करीब 9 बजे अचानक मौसम बिगड़ा और तेज आंधी-बारिश शुरू हो गई। इसी दौरान झूला टूटकर गिर गया और दोनों उसकी चपेट में आ गए। चीख-पुकार मचते ही भीड़ इधर-उधर भागने लगी।

*सुरक्षा पर उठे सवाल, आयोजकों की लापरवाही आई सामने*
स्थानीय लोगों की मदद से ज्योति और अनमोल को जिला अस्पताल पहुंचाया गया। डॉक्टरों ने ज्योति को प्राथमिक उपचार के बाद घर भेज दिया, लेकिन अनमोल के सिर और पैर में गंभीर चोट के कारण उसे भर्ती करना पड़ा। हादसे के बाद नुमाइश में सुरक्षा व्यवस्था और झूलों की मजबूती पर बड़े सवाल खड़े हो गए हैं। लोगों का आरोप है कि आयोजकों ने मौसम की चेतावनी के बाद भी झूले बंद नहीं किए। मानकों को ताक पर रखकर संचालन किया जा रहा था।

*पुलिस जांच में जुटी, जिम्मेदारों पर गिर सकती है गाज*
घटना की सूचना पर बारादरी पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी है। जिला प्रशासन ने भी नुमाइश आयोजकों से जवाब तलब किया है। अगर लापरवाही सामने आती है तो सख्त कार्रवाई की जाएगी। नुमाइश में रोजाना हजारों लोग आते हैं। ऐसे में सुरक्षा से खिलवाड़ बड़ा हादसा बन सकता था।