फर्जी आयुर्वेदिक दवा कंपनी बनाकर बेच रहे थे शुगर की दवाएं, तीन गिरफ्तार

0 1

- Advertisement -

फर्जी आयुर्वेदिक दवा कंपनी बनाकर बेच रहे थे शुगर की दवाएं, तीन गिरफ्तार

बरेली। बारादरी पुलिस ने फर्जी आयुर्वेदिक दवा कंपनी बनाकर ऑनलाइन शुगर की दवाएं बेचने वाले गिरोह का खुलासा किया है। पुलिस ने सैलानी मोहल्ले में यादगार रेस्टोरेंट के पास स्थित एक मकान में छापा मारकर तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया। पकड़े गए आरोपियों की पहचान साजिद मलिक निवासी जादोपुर, इस्लाम निवासी एजाजनगर गौटिया और मो. जफर निवासी पशुपति विहार के रूप में हुई है।

- Advertisement -

पुलिस के मुताबिक आरोपी फर्जी वेबसाइट और सोशल मीडिया पर विज्ञापन चलाकर लोगों को शुगर की बीमारी तीन दिन में ठीक करने का दावा करते थे। इसके बाद फोन पर ऑर्डर लेकर कैश ऑन डिलीवरी के जरिए दवाएं भेजी जाती थीं। ग्राहकों का भरोसा जीतने के लिए फर्जी कंपनियों के नाम से बिल और शिपिंग लेबल भी तैयार किए जाते थे।

पुलिस ने मौके से 14 मोबाइल फोन, तीन लैपटॉप, दो चार्जर और 75 फर्जी दवाइयां बरामद की हैं। इनमें Diabo Diabetic Powder और Brahm Sugar Care शामिल हैं। इसके अलावा फर्जी बिल, शिपिंग लेबल और वेबसाइट का डेटा भी मिला है। पूछताछ में आरोपियों ने बताया कि वे करीब एक महीने से सैलानी में यह काम कर रहे थे। पुलिस ने पांच आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया है, जिनमें दो फरार हैं। मामले में आगे की कार्रवाई की जा रही है।