उच्च जोखिम क्षेत्र जसरथपुर में HIV जागरूकता एवं स्क्रीनिंग शिविर का शुभारंभ
- Advertisement -
उच्च जोखिम क्षेत्र जसरथपुर में HIV जागरूकता एवं स्क्रीनिंग शिविर का शुभारंभ
रिपोर्ट/आसिफ अली
- Advertisement -
दो माह तक चलेगा सघन अभियान, HIV के साथ सिफलिस, हेपेटाइटिस-बी, सी और टीबी की भी हुई जांच
बिलारी/मुरादाबाद। उच्च जोखिम वाले क्षेत्रों में HIV/AIDS के प्रति जागरूकता बढ़ाने और अधिक से अधिक लोगों तक जांच एवं उपचार की सुविधा पहुंचाने के उद्देश्य से स्वास्थ्य विभाग की ओर से दो माह तक चलने वाले सघन जागरूकता अभियान की शुरुआत की गई। अभियान के तहत बुधवार को बिलारी क्षेत्र के ग्राम जसरथपुर में HIV जागरूकता एवं स्क्रीनिंग स्वास्थ्य शिविर आयोजित किया गया।
यह अभियान जिलाधिकारी डॉ. राजेंद्र पैंसिया एवं मुख्य विकास अधिकारी, मुरादाबाद के निर्देशानुसार तथा मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. कुलदीप के सहयोग से संचालित किया जा रहा है। शिविर का शुभारंभ DTO डॉ. नरेंद्र कुरेचाई ने CMS बिलारी डॉ. राजपाल, CPM DISHA Cluster Moradabad एवं ग्राम प्रधान की मौजूदगी में किया।
HIV के साथ कई गंभीर संक्रमणों की स्क्रीनिंग
स्वास्थ्य शिविर में लोगों को निःशुल्क जांच और परामर्श की सुविधा उपलब्ध कराई गई। HIV के अलावा सिफलिस, हेपेटाइटिस-बी, हेपेटाइटिस-सी और टीबी की भी स्क्रीनिंग की गई। आवश्यकता के अनुसार लाभार्थियों की एक्स-रे जांच भी कराई गई। जांच के बाद जरूरतमंद लोगों को स्वास्थ्य विभाग की ओर से निःशुल्क दवाएं भी वितरित की गईं।
संक्रमण से बचाव और समय पर जांच की दी जानकारी
स्वास्थ्य विभाग की टीम ने शिविर में मौजूद लोगों को HIV संक्रमण के कारण, इससे बचाव के उपाय, समय पर जांच कराने और आवश्यकता पड़ने पर उपचार शुरू कराने के महत्व के बारे में जानकारी दी। लोगों को यह भी बताया गया कि HIV से जुड़े मामलों में कलंक और भेदभाव से बचना तथा संक्रमित व्यक्ति के प्रति संवेदनशील एवं सहयोगात्मक व्यवहार करना बेहद जरूरी है।
शिविर के दौरान लोगों को HIV एवं अन्य संक्रमणों की जांच के साथ परामर्श सेवाएं भी प्रदान की गईं। स्वास्थ्य विभाग की टीम ने लोगों से स्वास्थ्य संबंधी किसी भी समस्या को छिपाने के बजाय समय पर जांच और चिकित्सकीय सलाह लेने की अपील की।
उच्च जोखिम वाले क्षेत्रों में आगे भी होंगे शिविर
स्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों के मुताबिक जिलाधिकारी और मुख्य विकास अधिकारी के निर्देश पर आगामी दिनों में जिले के उच्च जोखिम वाले क्षेत्रों में HIV जागरूकता एवं स्क्रीनिंग अभियान को और प्रभावी बनाया जाएगा। अभियान का उद्देश्य लोगों को HIV/AIDS सहित अन्य संबंधित संक्रमणों के प्रति जागरूक करना, समय पर जांच सुनिश्चित करना और जरूरतमंद लोगों को उपचार एवं स्वास्थ्य सेवाओं से जोड़ना है।
स्वास्थ्य विभाग की ओर से लोगों से अपील की गई कि वे HIV एवं अन्य संक्रमणों को लेकर किसी भी प्रकार की झिझक या भ्रम में न रहें और आवश्यक होने पर निःशुल्क जांच एवं परामर्श सेवाओं का लाभ उठाएं।