बरेली में भारत-अमेरिका फ्री ट्रेड समझौते के विरोध में किसानों का प्रदर्शन

0 4

- Advertisement -

बरेली में भारत-अमेरिका फ्री ट्रेड समझौते के विरोध में किसानों का प्रदर्शन

रिपोर्ट/आसिफ अली

- Advertisement -

बाइक रैली निकालकर सौंपा ज्ञापन, समझौता वापस लेने की उठाई मांग

बरेली। भारत-अमेरिका प्रस्तावित मुक्त व्यापार (फ्री ट्रेड) समझौते के विरोध में बुधवार को बरेली में किसान एकता संघ के नेतृत्व में सैकड़ों किसानों ने बाइक रैली निकालकर प्रदर्शन किया। किसानों ने केंद्र सरकार के खिलाफ नारेबाजी करते हुए जिलाधिकारी कार्यालय पहुंचकर प्रधानमंत्री के नाम संबोधित ज्ञापन सिटी मजिस्ट्रेट को सौंपा।

किसान एकता संघ के राष्ट्रीय संगठन मंत्री डॉ. रवि नागर के नेतृत्व में पहुंचे किसानों ने कहा कि प्रस्तावित फ्री ट्रेड समझौता भारतीय किसानों, खेत मजदूरों, पशुपालकों, छोटे व्यापारियों और लघु उद्योगों के हितों के खिलाफ है। उनका दावा है कि इस समझौते के लागू होने से विदेशी कंपनियों और उत्पादों को बढ़ावा मिलेगा, जिससे देश की कृषि व्यवस्था और ग्रामीण अर्थव्यवस्था पर प्रतिकूल प्रभाव पड़ सकता है।

डॉ. रवि नागर ने समझौते को किसानों के लिए “डेथ वारंट” बताते हुए कहा कि किसान इसे किसी भी कीमत पर स्वीकार नहीं करेंगे। उन्होंने केंद्र सरकार से इस प्रस्तावित समझौते को तत्काल वापस लेने और किसी भी व्यापारिक समझौते से पहले कृषि एवं ग्रामीण अर्थव्यवस्था पर उसके प्रभाव का व्यापक मूल्यांकन कराने की मांग की।

ज्ञापन के माध्यम से किसानों ने सरकार से किसानों और आम जनता के हितों की रक्षा के लिए ठोस कदम उठाने की अपील की। साथ ही चेतावनी दी कि यदि उनकी मांगों पर ध्यान नहीं दिया गया तो ‘देश बचाओ मोर्चा’ के बैनर तले देशभर में लोकतांत्रिक एवं संवैधानिक तरीके से व्यापक जन आंदोलन शुरू किया जाएगा।

किसानों ने कहा कि उनकी मांगों की अनदेखी होने पर आंदोलन को और तेज किया जाएगा, जिसकी जिम्मेदारी केंद्र सरकार की होगी।